1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वर्ल्ड T-20: ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को 3 विकेट से हराया

वर्ल्ड T-20: ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को 3 विकेट से हराया

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 21, 2016 09:27 pm IST,  Updated : Mar 21, 2016 11:35 pm IST

उस्मान ख्वाजा के करियर के पहले अर्धशतक की मदद से आस्ट्रेलिया ने आईसीसी विश्व टी-20 के सुपर 10 के ग्रुप दो मैच में आज यहां बांग्लादेश को तीन विकेट से हराकर पहली जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाने की उम्मीदों को जीवंत रखा।

australia- India TV Hindi
australia

बेंगलुरू: उस्मान ख्वाजा के करियर के पहले अर्धशतक की मदद से आस्ट्रेलिया ने आईसीसी विश्व टी-20 के सुपर 10 के ग्रुप दो मैच में आज यहां बांग्लादेश को तीन विकेट से हराकर पहली जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाने की उम्मीदों को जीवंत रखा। बांग्लादेश की यह लगातार दूसरी हार है और उसकी अंतिम चार में जगह बनाने की संभावना काफी कम हो गई है।

बांग्लादेश के 157 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने ख्वाजा की 45 गेंद में सात चौकों और एक छक्के की मदद से 58 रन की पारी की बदौलत 18.3 ओवर में सात विकेट पर 157 रन बनाकर जीत दर्ज की। ख्वाजा ने शेन वाटसन (21) के साथ पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े। ग्लेन मैक्सवेल ने अंत में 15 गेंद में दो छक्कों और दो चौकों की मदद से 26 रन बनाए। बांग्लादेश की ओर से साकिब अल हसन ने 27 रन देकर तीन जबकि मुस्तफिजुर रहमान ने 30 रन देकर दो विकेट चटकाए लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

इससे पहले बांग्लादेश ने लेग स्पिनर एडम जंपा (23 रन पर तीन विकेट) और तेज गेंदबाज वाटसन (31 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने एक समय 16वें ओवर में पांच विकेट 105 रन गंवा दिए थे लेकिन महमूदुल्लाह ने 29 गेंद में नाबाद 49 रन की पारी खेलकर उसे पांच विकेट पर 156 रन तक पहुंचाया। महमूदुल्लाह ने मुशफिकुर रहीम (11 गेंद में नाबाद 15) के साथ छठे विकेट के लिए 4-4 ओवर में 51 रन की अटूट साझेदारी की जिससे टीम अंतिम नौ ओवर में 88 रन जोड़ने में सफल रही। महमूदुल्लाह ने अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का मारा।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे ऑस्ट्रेलिया को उस्मान ख्वाजा और वाटसन की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरूआत दिलाई। दोनों ने पावर प्ले के छह ओवर में 51 रन जोड़े लेकिन इसमें से अधिकतर रन ख्वाजा के बल्ले से निकले।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल