1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वर्ल्ड T-20: दक्षिण अफ्रीका ने अफगानिस्तान को 37 रनों से हराया

वर्ल्ड T-20: दक्षिण अफ्रीका ने अफगानिस्तान को 37 रनों से हराया

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Mar 20, 2016 05:44 pm IST,  Updated : Mar 20, 2016 08:37 pm IST

दक्षिण अफ्रीका ने आईसीसी विश्व टी-20 के सुपर 10 के ग्रुप एक मैच में आज यहां अफगानिस्तान को 37 रन से हराया।

south africa- India TV Hindi
south africa

मुंबई: दक्षिण अफ्रीका ने दो दिन पहले इंग्लैंड से मिली करारी हार के बाद आज यहां वानखेड़े स्टेडियम में अफगानिस्तान को 37 रन से हराकर अपना आईसीसी विश्व टी-20 अभियान फिर से पटरी पर ला दिया। प्रोटियाज ने दो दिन पहले चार विकेट पर 229 रन का रिकार्ड स्कोर बनाया था, लेकिन इंग्लैंड ने उसे रोमांचक मुकाबले में दो विकेट से पराजित कर दिया था।

दक्षिण अफ्रीका ने आज फिर 200 रन से अधिक बनाते हुए पांच विकेट पर 209 का स्कोर बनाया जिससे वह विश्व टी20 इतिहास में एक ही सत्र में एक से अधिक बार 200 से ज्यादा रन का स्कोर खड़ा करने वाली पहली टीम बन गयी। दक्षिण अफ्रीका ने इसके बाद 20 ओवर में अफगानिस्तान को 172 पर आउट कर दिया। अफगानिस्तान के लिये हालांकि सलामी बल्लेबाज मोहम्मद शहजाद ने 19 गेंद में 44 रन बनाकर आक्रामक शुरूआत की थी, जिसमें पांच छक्के और तीन चौके जड़े थे।

दक्षिण अफ्रीका की ग्रुप एक के सुपर 10 राउंड रोबिन लीग के दो मैचों में यह पहली जीत है। क्रिस मौरिस ने दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजी की अगुवाई करते हुए 27 रन देकर चार विकेट हासिल किये जबकि लेग स्पिनर इमरान ताहिर ने 24 रन देकर दो विकेट प्राप्त किये।

अफगानिस्तान की यह दूसरी हार थी, उसे 17 मार्च को श्रीलंका से छह विकेट से पराजय मिली थी जिससे उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद लगभग समाप्त हो गयी है। उन्हें अभी इंग्लैंड से 23 मार्च को दिल्ली में और वेस्टइंडीज से 27 मार्च को नागपुर में मैच खेलने हैं।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।