धर्मशाला: पाकिस्तान के दो सदस्यीय दल ने भारत और पाकिस्तान के बीच 19 मार्च को होने वाले विश्व टी20 मैच को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिये यहां पहुंचने के तुरंत बाद सोमवार को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ के कार्यालय में शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। पाकिस्तान की फेडरल इंवेस्टीगेशन एजेंसी के लाहौर निदेशक उस्मान अनवर की अगुवाई में यह दल यहां पहुंचा है जिसमें पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुख्य सुरक्षा अधिकारी कर्नल (रिटायर्ड) आजम खान भी शामिल हैं। वह वाघा सीमा के जरिये पहले शिमला और फिर धर्मशाला पहुंचे।
घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने बताया कि अधिकारी एचपीसीए के परिसर में राज्य के शीर्ष पुलिस दल के साथ बातचीत में व्यस्त थे। इस दल के हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिलने की उम्मीद है। वे पाकिस्तान के गृहमंत्री चौधरी निसार अली और पीसीबी अधिकारियों को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। पाकिस्तान को 16 मार्च को क्वालीफायर के खिलाफ अपने अभियान की शुरूआत करनी है और इसके बाद उसे भारत से भिड़ना है। हालांकि इस बहुप्रतीक्षित मैच पर तब खतरा मंडराने लगा जब हिमाचल के मुख्यमंत्री ने कहा कि पठानकोट आतंकी हमले के बाद लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह मैच किसी अन्य स्थान पर आयोजित किया जाना चाहिए।