1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. World T20: पाकिस्तान ने अभ्यास मैच में श्रीलंका को हराया

World T20: पाकिस्तान ने अभ्यास मैच में श्रीलंका को हराया

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 14, 2016 07:45 pm IST,  Updated : Mar 14, 2016 07:45 pm IST

कोलकाता: मोहम्मद हफीज की नाबाद अर्धशतकीय पारी और बायें हाथ के स्पिनर इमाद वसीम की शानदार गेंदबाजी से पाकिस्तान ने सोमवार को यहां विश्व टी20 के अभ्यास क्रिकेट मैच में श्रीलंका को 15 रन से

pakistan- India TV Hindi
pakistan

कोलकाता: मोहम्मद हफीज की नाबाद अर्धशतकीय पारी और बायें हाथ के स्पिनर इमाद वसीम की शानदार गेंदबाजी से पाकिस्तान ने सोमवार को यहां विश्व टी20 के अभ्यास क्रिकेट मैच में श्रीलंका को 15 रन से हराया। पाकिस्तान धर्मशाला में खेलने को लेकर उपजे विवाद के कारण टूर्नामेंट के लिये भारत पहुंचने वाली आखिरी टीम थी और इसलिए उसे आज अपना पहला अभ्यास मैच खेलने का मौका मिला। उसकी टीम ने हालांकि खेल के हर क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करके खुद को श्रीलंका से बेहतर साबित किया।

टास जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिये उतरी पाकिस्तानी टीम ने मोहम्मद हफीज के 49 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से बनाये गये नाबाद 70 रन की बदौलत पांच विकेट पर 157 रन बनाये। इसके बाद वसीम ने अपनी फिरकी का जादू बिखेरा और चार ओवर में 25 रन देकर चार विकेट लिये जिससे श्रीलंका की टीम नौ विकेट पर 142 रन तक ही पहुंच पायी।

हफीज के अलावा पाकिस्तान के शीर्ष क्रम के अन्य बल्लेबाजों शार्जील खान (23) , अहमद शहजाद (18), सरफराज अहमद (13) और उमर अकमल (19) ने भी अच्छी शुरूआत की लेकिन तेजी से रन बनाने के लिये प्रयास में वे अपने विकेट गंवा बैठे। कप्तान शाहिद अफरीदी 19वें ओवर में क्रीज पर उतरे लेकिन बल्लेबाजी में फिर से नाकाम रहे और पहली गेंद पर आउट हो गये। श्रीलंका की तरफ से आलराउंडर तिसारा परेरा ने 21 रन देकर दो जबकि रंगना हेराथ, सचित्रा सेनानायके और दुशमंता चमीरा ने एक एक विकेट हासिल किया।

दूसरी तरफ श्रीलंका का कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। लाहिरू तिरिमाने ने सर्वाधिक 45 रन बनाये। इसके लिये उन्होंने 37 गेंदों का सामना किया तथा चार चौके और दो छक्के लगाये। सलामी बल्लेबाज दिनेश चंदीमल ने शुरू में वहाब रियाज को निशाना बनाया और पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 30 रन की पारी खेली। इन दोनों को छोड़कर श्रीलंका का कोई भी बल्लेबाज पाकिस्तान के तेज और स्पिन मिश्रित आक्रमण के सामने नहीं चल सका।

पाकिस्तान की तरफ से वसीम के अलावा मोहम्मद इरफान ने 18 रन देकर दो विकेट लिये। सभी की निगाहें हालांकि मोहम्मद आमिर पर टिकी थी। उन्होंने चार ओवर में 20 रन दिये लेकिन उन्हें विकेट नहीं मिला। पाकिस्तान विश्व टी20 में अपना पहला मैच 16 मार्च को ईडन गार्डन्स पर ही बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगा जबकि श्रीलंका की टीम इसके एक दिन बाद इसी मैदान पर अफगानिस्तान से भिड़ेगी।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल