1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. World T20: पर्याप्त सुरक्षा आश्वासन ना मिलने तक भारत नहीं आएगी पाक टीमें

World T20: पर्याप्त सुरक्षा आश्वासन ना मिलने तक भारत नहीं आएगी पाक टीमें

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 10, 2016 07:32 pm IST,  Updated : Mar 11, 2016 01:43 pm IST

इस्लामाबाद/नयी दिल्ली: पाकिस्तान की विश्व ट्वेंटी20 क्रिकेट चैंपियनशिप में भाग लेने को लेकर अब भी अनिश्चितता बनी हुई है क्योंकि उसकी सरकार ने भारत से सुरक्षा का लिखित आश्वासन मिलने तक टीम की रवानगी को

india pakistan t20 world cup- India TV Hindi
india pakistan t20 world cup

इस्लामाबाद: पाकिस्तान सरकार ने गुरुवार को भारतीय सरकार द्वारा पूर्ण सुरक्षा को लेकर सार्वजनिक आश्वासन ना मिलने तक अपनी पुरुष और महिला क्रिकेट टीम को टी-20 विश्व कप के लिए भारत ना भेजने का फैसला किया है। पाकिस्तान के गृह मंत्री चौधरी निसार ने गुरुवार को संवाददाताओं से कहा, "अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) दोनों काफी कोशिश कर रहे हैं लेकिन भारत सरकार द्वारा सुरक्षा का आश्वासन सबसे ज्यादा मायने रखता है। अभी तक उनकी तरफ से ऐसा कोई संदेश नहीं मिला है।"

उन्होंने कहा, "पाकिस्तानी टीम पूर्ण सुरक्षा का आश्वासन ना मिलने तक भारत नहीं जाएगी। भारत में पाकिस्तान टीम को खतरा है। कई समूह पाकिस्तान के मैचों को बाधित करने की धमकी दे रहे हैं। ऐसे में हम मैच कैसे खेल सकते हैं।"

इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने धर्मशाला से मैच कोलकाता में स्थानांतरित किए जाने के बाद गुरुवार को अपनी टीम को भारत भेजने का फैसला कर लिया था। पाकिस्तान के अखबार द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने पीसीबी के अधिकारी के हवाले से कहा था, "पाकिस्तान टीम शुक्रवार को दुबई के लिए रवाना हो सकती है जहां से वह टी-20 विश्व कप में हिस्सा लेने कोलकाता जा सकती है।"

पीसीबी अध्यक्ष शहरयार खान ने गुरुवार को पाकिस्तान टीम के खिलाड़ियों से भी बात की और उन्हें अपने खेल पर ध्यान देने को कहा। खान ने खिलाड़ियों से कहा कि मौजूदा हालात 1999 जैसे हैं। टीम उस समय भारत गई थी और जीत कर लौटी थी। पाकिस्तान टीम को मंगलवार शाम को ही भारत के लिए रवाना होना था लेकिन पीसीबी ने धर्मशाला में सुरक्षा हालात का जायजा लेने गई तीन सदस्यीय टीम की रिपोर्ट आने तक टीम को रोके रखा।

आईसीसी और बीसीसीआई ने बुधवार को 19 मार्च को धर्मशाला में होने वाले मैच को इसलिए कोलकाता स्थानांतरित कर दिया था क्योंकि सैनिक, पूर्व सैनिक और हिमाचल प्रदेश में कुछ नेता मैच के आयोजन के खिलाफ थे। धर्मशाला कांगड़ा जिले में है और यहां से बड़ी संख्या में सैनिक शहीद हुए हैं। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भी मैच के दौरान पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने में असमर्थता जताई थी। भारत सरकार हालांकि मैच का आयोजन कराने के लिए अर्धसैनिक बलों की तैनाती करने को तैयार थी, लेकिन आईसीसी ने बुधवार को मैच कोलकाता स्थानांतरित करने की घोषणा कर दी।

कोलकाता में होने वाले मैच को लेकर भी धमकियां मिल रही हैं। एंटी टेररिस्ट फ्रंट ऑफ इंडिया (एटीएफआई) ने बुधवार को भारत-पाकिस्तान मैच से पहले पिच को नुकसान पहुंचाने की बात कही है। एटीएफआई का कहना है कि जब तक पाकिस्तान मुंबई, पठानकोट और हाल ही में पाम्पोर में हुए आतंकवादी हमलों के मास्टरमाइंड को भारत को नहीं सौंपता है तब तक वह पाकिस्तान टीम की मेजबानी का विरोध करता रहेगा।

eden gardens
eden gardens

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल