1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. World T20: जिंबाब्वे की जीत में विलियम्स और वेलिंगटन चमके

World T20: जिंबाब्वे की जीत में विलियम्स और वेलिंगटन चमके

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 10, 2016 07:55 pm IST,  Updated : Mar 10, 2016 07:55 pm IST

नागपुर: शॉन विलियम्स के अर्धशतक के बाद वेलिंगटन मसाकाद्जा के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी से जिंबाब्वे ने आईसीसी टी20 विश्व कप के पहले दौर के ग्रुप बी के रोमांचक मुकाबले में आज यहां स्काटलैंड को

Sean Williams and Wellington Masakadza of Zimbabwe - India TV Hindi
Sean Williams and Wellington Masakadza of Zimbabwe

नागपुर: शॉन विलियम्स के अर्धशतक के बाद वेलिंगटन मसाकाद्जा के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी से जिंबाब्वे ने आईसीसी टी20 विश्व कप के पहले दौर के ग्रुप बी के रोमांचक मुकाबले में आज यहां स्काटलैंड को 11 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए सुपर 10 में जगह बनाने की ओर मजबूत कदम बढ़ाए। जिंबाब्वे के 148 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए स्काटलैंड वेलिंगटन (28 रन पर चार विकेट) की फिरकी के जादू के सामने 19.4 ओवर में 136 रन पर ढेर हो गई।

स्काटलैंड की ओर से रिची बैरिंगटन (36), कप्तान पे्रस्टन मोमसेन (31) और जोश डेवी (24) ने उम्दा पारियां खेली लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। इन दोनों के अलावा टीम का कोई बल्लेबाज दोहरे अंक में नहीं पहुंच पाया। जिंबाब्वे की ओर से वेलिंगटन के अलावा तेंडाई चतारा (24 रन पर दो विकेट) और डोनाल्ड तिरिपानो (20 रन पर दो विकेट) ने दो दो विकेट चटकाए जबकि तिनाशे पनयंगारा (20 रन पर एक विकेट) और विलियम्स (22 रन पर एक विकेट) ने एक एक विकेट हासिल किया।

इससे पहले जिंबाब्वे ने विलियम्स (53) के अर्धशतक की मदद से सात विकेट पर 147 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरे स्काटलैंड की शुरूआत काफी खराब रही और उसने चौथे ओवर में 20 रन तक ही चार विकेट गंवा दिए। बायें हाथ के स्पिनर वेलिंगटन मसाकाद्जा ने जार्ज मुन्से (08) और मैट मचान (09) को पवेलियन भेजा जबकि तेंडाई चतारा ने काइल कोएट्जर (03) और मैथ्यू क्रास (00) की पारी का अंत किया। विलियम्स ने गेंदबाजी में भी कमाल करते हुए अपने पहले ही ओवर में माइकल लीक (09) को स्टंप कराके स्काटलैंड को पांचवां झटका दिया।

बैरिंगटन ने इसके बाद कप्तान मोमसेन के साथ मिलकर पारी को संभाला। बैरिंगटन ने विलियम्स पर सीधा छक्का जड़ा जबकि मोमसेन ने सिकंदर रजा और वेलिंगटन पर चौके मारे। स्काटलैंड को अंतिम छह ओवर में 57 रन की दरकार थी। वेलिंगटन ने 15वें ओवर में मोमसेन को पवेलियन भेजने के बाद साफयान शरीफ (01) को भी स्टंप कराके स्काटलैंड को दोहरे झटके दिए। जोश डेवी ने चतारा पर दो छक्कों और एक चौके के साथ 18 रन जोड़कर टीम की उम्मीद बंधाई। डोनाल्ड तिरिपानो ने हालंकि अगले ओवर में बैरिंगटन को चतारा के हाथों कैच करा दिया। उन्होंने 39 गेंद की पारी में एक छक्का और एक चौका मारा। पनयंगारा ने इसके बाद डेवी को पवेलियन भेजकर स्काटलैंड की रही सही उम्मीद भी खत्म कर दी।

इससे पहले टास जीतकर बल्लेबाजी करने उतरे जिंबाब्वे के दोनों सलामी बल्लेबाज कप्तान हैमिल्टन मसाकाद्जा (12) और वुसी सिबांडा (04) 19 के स्कोर पर ही पवेलियन लौट गए। विलियम्स ने रिचर्ड मुतुमबामी (19) के साथ तीसरे विकेट के लिए 32 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की। बायें हाथ के स्पिनर मार्क वाट ने मुतुमबामी को पवेलियन भेजा जबकि तेज गेंदबाज एलेस्डेयर इवान्स ने सिकंदर रजा (09) को बोल्ड करके टीम का स्कोर चार विकेट पर 67 रन किया। वाट ने मैलकम वालेर (13) को अपना दूसरा शिकार बनाया। विलियम्स ने जोश डेवी पर चौके के साथ 31 गेंद में अर्धशतक पूरा किया लेकिन तेज गेंदबाज साफयान शरीफ की गेंद पर इवान्स को कैच दे बैठे। एल्टन चिगुंबुरा ने 17 गेंद में एक छक्के और एक चौके की मदद से 20 रन बनाकर टीम का स्कोर 150 रन के करीब पहुंचाया। वह पारी की अंतिम गेंद पर शरीफ का शिकार बने। स्काटलैंड की ओर से वाट ने 21, इवान्स ने 30 जबकि शरीफ ने 31 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल