हरारे: पहले मैच में शानदार जीत दर्ज करने वाली कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी की यंग ब्रिगेड कल (सोमवार) दूसरे एक दिवसीय क्रिकेट मैच में भी मेजबान जिम्बाब्वे को हराकर क्लीन स्वीप करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। भारत ने पहले ODI मैच में जिम्बाब्वे को 9 विकेट से हराया है और धोनी का इरादा इस प्रदर्शन को दोहराने का होगा। भारत ने 2013 और 2015 में जिम्बाब्वे को क्रमश: 5-0 और 3-0 से हराया था।
मैच में युवा जसप्रीत बुमरा ने 4 विकेट लेकर जिम्बाब्वे को 168 के स्कोर पर समेटने में मुख्य भूमिका निभाई जबकि सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल ने पदार्पण मैच में नाबाद शतक जमाया। अगस्त में टेस्ट श्रृंखला के लिये वेस्टइंडीज भी जा रहे के. एल. राहुल उस श्रृंखला से पहले बड़ी पारियां खेलकर अपना मनोबल बढाना चाहेंगे।
अंबाती रायुडू ने भी राहुल का साथ बखूबी निभाते हुए 120 गेंद में 5 चौकों की मदद से 62 रन बनाये।
गेंदबाजी में भारत के पांचों गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन किया है । धवल कुलकर्णी और बरिंदर सरन ने दो-दो विकेट चटकाये जबकि स्पिनर युजवेंद्र चहल और अक्षर पटेल को भी एक एक विकेट मिला। मनीष पांडे और करूण नायर जैसे खिलाड़ी भी अच्छी पारियां खेलकर अपनी जगह टीम में पुख्ता करना चाहेंगे।
यह देखना होगा कि धोनी उसी टीम को उतारते हैं या अन्य खिलाडि़यों को खेलने का मौका देते हैं जिनमें आफ स्पिनर जयंत यादव, बायें हाथ के सलामी बल्लेबाज फैज फजल और दाहिने हाथ के मध्यक्रम के बल्लेबाज मनदीप सिंह शामिल हैं ।
भारत: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), केएल राहुल, फैज फजल, मनीष पांडे, करूण नायर, अंबाती रायुडू, केदार जाधव, मनदीप सिंह, रिषि धवन, जसप्रीत बुमरा, जयंत यादव, युजवेंद्र चहल, जयदेव उनादकट, धवल कुलकर्णी, अक्षर पटेल।
जिम्बाब्वे: ग्रीम क्रेमर (कप्तान), तेंडाइ चतारा, चामू चिभाभा, एल्टन चिगुंबुरा, तेंडाइ चिसोरो, क्रेग इरविन, नेविले मेजिवा, तिमीकेन मारूमा, हैमिल्टन मसाकाजा, वेलिंगटन मसाकाजा, पीटर मूर, तवांडा मूपरीवा, रिचर्ड मुटुम्बामी, टी मुजाराबानी, वुसी सिबांडा, सिकंदर रजा, डोनाल्ड तिरिपानो, सीन विलियम्स।