हरारे: जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ने सोमवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर जारी दूसरे टी-20 मुकाबले में भारत के सामने 100 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान टीम निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट पर केवल 99 रन ही बना सकी। जिम्बाब्वे की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज पीटर मूर ने सबसे ज़्यादा 31 रन बनाए। जिम्बाब्वे के 6 बल्लेबाज़ ऐसे रहे जो दहाई के आंकड़े को भी नहीं छू पाए।
भारत की ओर से बरेंदर सरन ने धारदार गेंदबाज़ी करते हुए केवल 10 रन देकर चार विकेट चटकाए जबकि जसप्रीत बुमराह ने सात रन देकर तीन विकेट हासिल किए। धवल कुलकर्णी और यजुवेंद्र चहल ने भी एक-एक विकेट चटकाए।
तीन मैचों की इस सीरीज में भारत 0-1 से पीछे है। हरारे में ही शनिवार को हुए पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे ने भारत पर दो रनों से चौंकाने वाली जीत दर्ज की थी। लेकिन इस मैच में ज़िम्बाब्वे को जीत दर्ज करने के लिए कोई चमत्कार करना होगा। वैसे इस मैच में जिम्बाब्वे पर एक बड़ी हार के बादल मंडराते नज़र आ रहे हैं।