हरारे: तीन एकदिवसीय मैचों की सिरीज़ के दो मैच जीतने के बाद टीम इंडिया पिछले दौरे को दोहराने यानी सूपड़ा साफ़ करने के लिए आज (बुधवार) को उतरेगी। पहले दो मैचों में आसानी से जीत हासिल करने के बाद वनडे सिरीज़ के इस आख़िरी मैच में कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हैं। सोमवार को मैच के बाद धोनी ने ऐसे संकेत भी दिए थे।
धोनी के संकेत अगर सही हैं तो लोकेश राहुल और अंबाती रायडू की जगह फ़ैज़ फ़ज़ल और मनदीप सिंह को मौक़ा मिल सकता है। ऐसे में फ़ैज करुण नायर के साथ पारी की शुरुआत करेंगे और मनदीप, रायडू की जगह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं।
इनके अलावा धोनी गेंदबाज़ी में जयदेव उनादकत और हरफनमौला खिलाड़ी ऋषि धवन को अंतिम ग्यारह में शामिल कर सकते हैं।
जिम्बाब्वे की बात करें तो अब तक दोनों मैचों में उसके बल्लेबाज़ बोर्ड पर अच्छा स्कोर लगाने में नाकाम रहे हैं। पहले मैच में जहां एल्टन चिगम्बुरा ने 41 रनों की पारी खेलकर टीम को संभाला था तो दूसरे मैच में वुसिमुजी सिबांडा ने अर्धशतक लगाकर टीम की लाज बचाने की कोशिश की थी। मेज़बान को अगर मैच को कुछ दिलचस्प बनाना है तो उसके बल्लेबाज़ों को सम्मानजनक स्कोर बनाना होगा ताकि गेंदबाज़ को प्रयोग करने का मौक़ा मिल सके।
टीमें (संभावित):
भारत: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान, विकेटकीपर), लोकेश राहुल, फैज फजल, मनीष पांडे, करुण नायर, अंबाती रायडू, केदार जाधव, मंदीप सिंह, ऋषि धवन, जसप्रीत बुमराह, जयंत यादव, यजुवेंद्र चहल, बरिंदर सरन, जयदेव उनादकत, धवल कुलकर्णी और अक्षर पटेल।
जिम्बाब्वे: ग्रीम क्रेमर (कप्तान), रिचमोंड मुतुम्बामी, तौरइ मुजराबानी, चामुनओरवा चिबाबा, पीटर जोसेफ मूर, एल्टन चिगम्बुरा, वुसिमुजी सिबांडा, तवांडा मुपारिवा, सीन विलियम्स, सिकंदर रजा बट, नेविले माडजिवा, डोनाल्ड टिरिपानो, टिमयसेन मारुमा, वेलिंगटन मासाकाड्जा, टेंडाई चिसोरो, हेम्लिटन मासाकाड्जा, टेंडाई चाटारा, क्रेग इरविन।