हरारे: भारतीय तेज गेंदबाजों ने मेजबान जिम्बाब्वे को तीन मैचों की क्रिकेट श्रृंखला के पहले मैच में आज सिर्फ 168 रन पर आउट कर दिया। भारत के लिये बरिंदर सरन और धवल कुलकर्णी ने दो दो और जसप्रीत बुमरा ने चार विकेट लिये । सीनियर खिलाडि़यों की गैर मौजूदगी में युवा टीम भारतीय की अगुवाई कर रहे भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टास जीतकर जिम्बाब्वे को बल्लेबाजी के लिये उतारा। लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल और बल्लेबाज करूण नायर ने भारत के लिये अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया जबकि लोकेश राहुल को पहली बार अंतिम एकादश में मौका दिया गया। जिम्बाब्वे के बल्लेबाज भारतीय तेज आक्रमण के सामने जूझते नजर आये ।
आईपीएल में चमके सरन ने पहली गेंद से ही उम्दा प्रदर्शन किया । उसने चामू चिभाभा को पहली गेंद पर ही पगबाधा आउट कर दिया था लेकिन अंपायर ने बल्लेबाज के पक्ष में फैसला सुनाया । सरन को हालांकि विकेट के लिये लंबा इंतजार नहीं करना पड़ा । चिभाभा के सलामी जोड़ीदार पीटर मूर उनकी इनस्विंगर पर पगबाधा आउट हुए । बल्लेबाजों को रन बनाने में काफी दिक्कतें पेश आई । कुलकर्णी ने अनुभवी हैमिल्टन मसाकाजा को विकेट के पीछे लपकवाया । इस समय जिम्बाब्वे का स्कोर नौवें ओवर में दो विकेट पर 30 रन था।
गेंदबाजी में पहले बदलाव के बाद आये बुमरा ने चिभाभा : 13 : और वुसी सिबांडा को आउट किया । स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ जिम्बाब्वे टीम सहज लगी लेकिन भारतीय स्पिनरों ने भी किफायती ओवर डाले । अक्षर पटेल ने क्रेग इरविन को आउट किया । उस समय जिम्बाब्वे का स्कोर 24 ओवर में पांच विकेट पर 77 रन था ।
चिगुंबुरा और सिकंदर रजा : 23 : अगर छठे विकेट के लिये 38 रन नहीं जोड़ते तो जिम्बाब्वे का स्कोर 150 रन के पार नहीं जा पाता । चहल ने वनडे क्रिकेट में पदार्पण के साथ ही उम्दा गेंदबाजी की । उसे विकेट के लिये 10वें ओवर तक इंतजार करना पड़ा । उसने दसवें ओवर में रिचमंड मुतुंबामी का विकेट लिया । हरफनमौला चिगुंबुरा दूसरे छोर पर विकेटों का पतन देखते रहे । वह भाग्यशाली भी रहे कि 48वें ओवर में बुमरा की उस गेंद पर आउट हुए जो नोबाल थी ।