भारत की अंडर19 टीम इस वक्त तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका के दौरे पर है। दोनों टीमों के बीच 3 दिसंबर को पहला मैच खेला गया, जहां भारतीय टीम ने 25 रनों से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही वैभव सूर्यवंशी ने कप्तान के तौर पर एक नया इतिहास रच दिया है। वह यूथ वनडे सीरीज में मैच जीतने वाले सबसे युवा कप्तान बन गए हैं। बता दें कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस वनडे सीरीज में वैभव सूर्यवंशी ही टीम इंडिया की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे।
वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा अहमद शहजाद का रिकॉर्ड
बेनोनी वनडे मैच में जैसे ही भारत को जीत मिली तभी वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 14 साल की उम्र में यूथ वनडे जीतने वाले सबसे युवा कप्तान बन गए। इस मामले में उन्होंने पाकिस्तान के अहमद शहजाद का रिकॉर्ड तोड़ा जो कि 15 साल और 141 दिन की उम्र में बतौर कप्तान पहला मैच जीते थे। वैभव ने ये कारनामा 14 साल और 283 दिन की उम्र में किया है।
वैभव सूर्यवंशी क्यों कर रहे हैं इस सीरीज में कप्तानी
रेगुलर कप्तान आयुष म्हात्रे और वाइस-कैप्टन विहान मल्होत्रा चोट के कारण साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में नहीं खेल रहे हैं। म्हात्रे की गैरमौजूदगी में वैभव टीम इंडिया की कप्तानी कर रहे हैं। वहीं आरोन जॉर्ज को उपकप्तानी की जिम्मेदारी मिली है। उम्मीद है कि म्हात्रे और मल्होत्रा दोनों ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए फिट हो जाएंगे। यह टूर्नामेंट 15 जनवरी से शुरू होने वाला है और जिसकी मेजबानी जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे।
पहले वनडे में भारत को मिली जीत
भारत ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 301 रन बनाए थे। इस मैच में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला नहीं चला और वह सिर्फ 11 रन ही बना सके। लेकिन हरवंश पंगालिया के 93 और अंब्रीश के 65 रनों के दम पर भारत बड़े स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रहा। जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 27.4 ओवर में 148 रन ही बना सकी। भारत ने DLS नियम के तहत 25 रन से ये मैच जीता। बता दें बेनोनी में बारिश और काफी ज्यादा बिजली चमकने की वजह से मैच को रोकना पड़ा। खिलाड़ियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसके बाद ये मैच ही शुरू नहीं हो पाया और अंत में भारत को जीत मिली सीरीज का दूसरा वनडे मैच 5 जनवरी को खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें
IND U19 vs SA U19: भारत ने साउथ अफ्रीका को पहले वनडे में चटाई धूल, अर्धशतक लगाकर 2 प्लेयर बने हीरो