रणजी ट्रॉफी 2025-26 के सीजन का आगाज 15 अक्टूबर से हो चुका है। इस टूर्नामेंट में आंध्र प्रदेश की टीम अपना पहला मैच उत्तर प्रदेश के खिलाफ खेल रही है। यह मुकाबला कानपूर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में आंध्रा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए आंध्रा की टीम को इस मैच में शानदार शुरुआत मिली। टीम के लिए 32 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज श्रीकर भरत ने पहले ही मैच में धमाकेदार शतक लगाया है। उन्होंने 175 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी की।
भारत के लिए 7 टेस्ट मैच खेल पाए हैं केएस भरत
श्रीकर भरत की बात करें तो वह भारत के लिए सिर्फ टेस्ट मैच खेल पाए हैं। उन्हें टी-20 इंटरनेशनल और वनडे में डेब्यू करने का मौका नहीं मिला है। केएस भरत भारत के लिए अब तक सिर्फ 7 टेस्ट मैच खेलने में कामयाब रहे और वहां उनके बल्ले से 12 पारियों में 221 रन आए हैं और इस दौरान उनका औसत सिर्फ 20.09 का रहा है। वह अपने टेस्ट करियर में एक भी शतक या अर्धशतक नहीं लगा पाए। इस दौरान उनका हाईएस्ट स्कोर 44 रन का रहा है। भारत के लिए उन्होंने अपना पिछला मैच फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था।
केएस भरत के नाम है ये खास रिकॉर्ड
डोमेस्टिक क्रिकेट में केएस भरत रणजी ट्रॉफी में तिहरा शतक लगाने वाले पहले विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2014-15 सीजन में गोवा के खिलाफ मैच में 311 गेंदों में 308 रन की पारी खेली थी। आपको बता दें कि केएस भरत डोमेस्टिक क्रिकेट में आंध्रा का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह आंध्रा के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में तिहरा शतक लगाने वाले भी पहले बल्लेबाज हैं।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भरत का प्रदर्शन
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भरत के आंकड़े की बात करें तो वह अब तक 105 मैचों की 169 पारियों में 36.44 के औसत से 5686 रन बना पाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 10 शतक और 32 अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली है। वहीं उनका स्ट्राइक रेट 61.19 का रहा है। केएस भरत ने भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में किया था।
शेख रशीद भी लगा चुके हैं और अर्धशतक
रणजी ट्रॉफी में आंध्रा और यूपी के बीच खेले जा रहे मैच की बात करें तो वहां पहले दिन में 73 ओवर के खेल खत्म होने तक आंध्र प्रदेश की टीम 1 विकेट के नुकसान पर 235 रन बना चुकी है। भरत के अलावा शेख रशीद भी इस मैच में शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। वह अर्धशतक लगा चुके हैं और इस शुरुआत को वह बड़ी पारी में तब्दील करना चाहेंगे।
यह भी पढ़ें
World Cup से बाहर होने की कगार पर टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका, अब ICC ने की बड़ी कार्रवाई