भारतीय टीम के धाकड़ ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के लिए यूके दौरे की शुरुआत ज्यादा अच्छी नहीं रही जिसमें आयरलैंड के खिलाफ 2 मैचों की टी20 सीरीज में उनके बल्ले से जहां पहले मैच में 49 रनों की पारी देखने को मिली तो दूसरे मुकाबले में वह अपना खाता भी नहीं खोल सके। अब टीम इंडिया को एक जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है जिसमें अभिषेक के प्रदर्शन पर सबसे ज्यादा सभी की नजरें रहने वाली हैं। अभी तक इंग्लैंड के खिलाफ अभिषेक शर्मा का टी20 इंटरनेशनल में प्रदर्शन शानदार देखने को मिला है जिसमें सभी को उम्मीद है कि वह अपने इसी रिकॉर्ड को कायम रखने में कामयाब होंगे। अभिषेक शर्मा के पास इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली 5 मैचों की टी20 सीरीज में हार्दिक पांड्या को पीछे छोड़ने का मौका भी होगा जिसमें वह बतौर भारतीय खिलाड़ी इंग्लिश टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले प्लेयर्स बन सकते हैं, जिसके लिए उन्हें सिर्फ 6 छक्के और लगाने होंगे।
अभिषेक 6 सिक्स लगाते ही हासिल करेंगे नंबर-1 की कुर्सी
इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में जहां एकतरफ भारतीय टीम का शानदार रिकॉर्ड देखने को मिलता है तो वहीं अभिषेक शर्मा का भी इसमें अहम योगदान है। अभिषेक ने अब तक इंग्लैंड के खिलाफ 6 मुकाबले खेले हैं और उसमें उन्होंने छह पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 48 के औसत से 288 रन बनाए हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 200 से अधिक का देखने को मिला है। वहीं अभिषेक शर्मा के बल्ले से इस दौरान एक शतकीय और एक अर्धशतकीय पारी देखने को मिली है। अभिषेक शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ अब तक 22 छक्के लगाए हैं, जिसमें इस लिस्ट में वह दूसरे नंबर पर हैं। वहीं पहले नंबर पर काबिज हार्दिक पांड्या जो अनफिट होने की वजह से इस सीरीज में नहीं खेल रहे हैं उनके बल्ले से इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में कुल 27 छक्के देखने को मिले हैं। ऐसे में अभिषेक इस टी20 सीरीज में 6 छक्के लगाने के साथ नंबर-1 की कुर्सी को हासिल कर लेंगे।
इंग्लैंड के खिलाफ टी20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी
- हार्दिक पांड्या - 27 छक्के
- अभिषेक शर्मा - 22 छक्के
- विराट कोहली - 19 छक्के
- रोहित शर्मा - 18 छक्के
- सूर्यकुमार यादव - 18 छक्के
पहली बार इंग्लैंड में खेलने उतरेंगे अभिषेक
आईसीसी टी20 इंटरनेशनल में मौजूदा नंबर-2 खिलाड़ी अभिषेक शर्मा का जलवा पहली बार इंग्लैंड के फैंस को देखने को मिलेगा, जिसमें वह अपने करियर में पहली बार वहां खेलने पहुंचे हैं। हालांकि अभिषेक के लिए साल 2026 बल्ले से कुछ खास नहीं रहा है जिसमें टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल को छोड़कर वह अन्य मुकाबलों में कुछ खास नहीं कर सके थे। ऐसे में वह इस सीरीज में कैसा प्रदर्शन करते हैं उसको लेकर चयनकर्ताओं की काफी पैनी नजरें उनके ऊपर रहने वाली हैं।
ये भी पढ़ें
भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टी20 मैच में बारिश का साया, मुकाबले के दौरान ऐसा रहेगा वेदर
ICC Rankings में भयंकर उलटफेर, ईशान किशन बने नंबर वन बल्लेबाज, अभिषेक शर्मा को नुकसान