T20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज से पहले इंग्लैंड के अनुभवी लेग स्पिनर आदिल राशिद ने इंटरनेशनल क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। राशिद ने श्रीलंका के खिलाफ T20I सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में एक विकेट लेने के साथ ही इतिहास रच दिया है। आदिल T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 150 विकेट पूरे करने वाले इंग्लैंड के पहले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने यह ऐतिहासिक कारनामा श्रीलंका के पवन रत्नायके को पवेलियन का रास्ता दिखाने के साथ किया।
पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में आदिल राशिद ने चार ओवर में 25 रन देकर 1 विकेट झटका। इंग्लैंड ने इस मुकाबले में 128 रनों के छोटे स्कोर का सफल बचाव करते हुए 12 रनों से जीत दर्ज की। इंग्लैंड की श्रीलंका के खिलाफ T20I में उनकी लगातार 11वीं जीत है। इस तरह इंग्लैंड ने 3-0 से सीरीज जीतकर श्रीलंका का सूपड़ा साफ कर दिया।
T20I में आदिल राशिद के शानदार आंकड़े
37 साल के आदिल राशिद ने 2009 में T20I डेब्यू किया था। अब तक वह 137 T20I मैचों में 150 विकेट ले चुके हैं। इस दौरान उनका औसत 23.59 और इकॉनमी रेट 7.44 का रहा है। राशिद के नाम T20I में चार बार चार विकेट हॉल दर्ज है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2021 में खेले गए T20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ आया था। उस मैच में उन्होंने महज 2 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए थे।
स्पेशल क्लब में शामिल हुए राशिद
आदिल राशिद T20I क्रिकेट में 150 विकेट लेने वाले छठे गेंदबाज हैं। इससे पहले अफगानिस्तान के दिग्गज स्पिनर राशिद खान, न्यूजीलैंड के टिम साउदी, ईश सोढ़ी, बांग्लादेश के मुस्ताफिज़ुर रहमान और श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा ने ये कारनामा किया था।
T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
- राशिद खान - 187
- टिम साउदी - 164
- ईश सोढ़ी - 162
- मुस्ताफिजुर रहमान - 158
- वानिंदु हसरंगा - 151
- आदिल राशिद - 151
T20 वर्ल्ड कप में राशिद का शानदार रिकॉर्ड
आदिल राशिद ने अब तक 30 T20 वर्ल्ड कप मैचों में 31 विकेट झटके हैं, जहां उनका औसत 23.67 का रहा है। वह इंग्लैंड के लिए इस टूर्नामेंट में क्रिस जॉर्डन के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। राशिद के पास T20 वर्ल्ड कप में क्रिस से आगे निकलने का शानदार मौका है।
400 विकेट से सिर्फ एक कदम दूर
आदिल राशिद के प्रदर्शन पर नजर डालें तो वह हर कंडीशन में प्रभावी नजर आए हैं। घरेलू मैदानों पर उन्होंने 41 मैचों में 7.96 की इकॉनमी से 47 विकेट झटके हैं। वहीं, विदेशी धरती पर 73 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उनका इकॉनमी 7.38 का रहा है। कुल मिलाकर T20 क्रिकेट की बात करें तो आदिल राशिद अब तक 365 मैचों में 399 विकेट ले चुके हैं। उनका औसत 22 से कम और इकॉनमी 8 से नीचे रही है। अब वह T20 क्रिकेट में 400 विकेट लेने वाले दूसरे इंग्लिश गेंदबाज बनने से सिर्फ एक विकेट दूर हैं। इस लिस्ट में फिलहाल क्रिस जॉर्डन सबसे आगे हैं।
T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले इंग्लिश गेंदबाज
- क्रिस जॉर्डन - 446
- आदिल रशीद - 399
- डेविड विली - 371
- समित पटेल - 364
यह भी पढ़ें:
IND vs AFG: फाइनल के टिकट के लिए भिड़ेंगे भारत और अफगानिस्तान, कैसा है दोनों का हेड टू हेड रिकॉर्ड?
T20 World Cup: आज वॉर्मअप मैचों की भरमार, एक्शन में होंगे IND और PAK, कब और कहां देख सकेंगे LIVE