बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया की टीम को हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में इंग्लैंड ने 4 विकेट से जीत दर्ज की। इसके साथ ही इंग्लैंड ने इस एशेज टेस्ट सीरीज में पहली जीत दर्ज की। हालांकि मेलबर्न में खेले गए इस मैच में जीत दर्ज करने के बाद सिडनी में खेले जाने वाले अंतिम टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मेलबर्न में खेले गए चौथे टेस्ट मैच के दौरान इंग्लैंड के तेज गेंदबाज गस एटकिंसन को चोट लगी, जिस वजह से वह मैच के दूसरे दिन मैदान से बाहर चले गए। अब वह पांचवें टेस्ट मैच में खेलेंगे या नहीं ये कहना अभी मुश्किल लग रहा है।
बॉलिंग करते समय एटकिंसन को हुई दिक्कत
दरअसल जब गस एटकिंसन अपने स्पेल का पांचवां ओवर डाल रहे थे तब उन्हें अपने हैमस्ट्रिंग में दिक्कत महसूस हुई। इसके बाद वह तुरंत मैदान छोड़कर बाहर चले गए। इंग्लैंड क्रिकेट ने बाद में कंफर्म किया कि एटकिंसन को हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई है और मैच में वह आगे खेल पाएंगे या नहीं इसका फैसला उनकी चोट की गंभीरता को देखते हुए लिया जाएगा। बोर्ड ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा कि गस एटकिंसन आज सुबह अपना पांचवां ओवर फेंकने के बाद मैदान से बाहर चले गए, क्योंकि उन्हें अपनी बाईं हैमस्ट्रिंग में कुछ दर्द महसूस हुआ। अगले कुछ घंटों में उनकी चोट की गंभीरता को देखा जाएगा।
जोफ्रा आर्चर की जगह एटकिंसन को मिला था मौका
एटकिंसन को तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था, जो मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में चल रहे चौथे टेस्ट से पहले साइड स्ट्रेन के कारण एशेज सीरीज के बाकी मैचों से बाहर हो गए थे। इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने पहली पारी में शानदार गेंदबाजी की, 14 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट लिए थे। इससे पहले पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान मार्क वुड की घुटने की चोट फिर से उभर आई थी, जिस वजह से उन्हें इस सीरीज से बाहर होना पड़ा था।
ऑस्ट्रेलिया की टीम जीत चुकी है एशेज सीरीज
पहले तीन टेस्ट मैच जीतकर ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले ही एशेज टेस्ट सीरीज को अपने नाम कर चुकी है। ऐसे में सिडनी में होने वाला 5वां टेस्ट इंग्लैंड की टीम जीतना चाहेगी, जिससे टेस्ट सीरीज की हार का अंतर कम हो सके। हालांकि एटकिंसन की हैमस्ट्रिंग इंजरी कितनी गहरी है इसको लेकर अभी इंग्लैंड क्रिकेट की तरफ से कोई भी बयान सामने नहीं आया है। अब अगर वह इस मैच से बाहर होते हैं तो उनकी जगह किसे टीम में शामिल किया जाता है ये देखने वाली बात होगी।
यह भी पढ़ें
सिर्फ 7 गेंदों की पड़ गई कमी, वरना अंग्रेज बल्लेबाज टेस्ट में चकनाचूर कर देता वर्ल्ड रिकॉर्ड