1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. AUS vs ENG: स्टीव स्मिथ के 8 साल से चले आ रहे रिकॉर्ड पर लगा ब्रेक, बतौर कप्तान पहली बार देखना पड़ा ऐसा दिन

AUS vs ENG: स्टीव स्मिथ के 8 साल से चले आ रहे रिकॉर्ड पर लगा ब्रेक, बतौर कप्तान पहली बार देखना पड़ा ऐसा दिन

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Dec 27, 2025 04:19 pm IST,  Updated : Dec 27, 2025 04:19 pm IST

AUS vs ENG: मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच का अंत सिर्फ 2 दिनों के अंदर ही हो गया। इस मुकाबले को इंग्लैंड की टीम 4 विकेट से जीतने में कामयाब रही तो वहीं स्टीव स्मिथ के 8 साल से चले आ रहे रिकॉर्ड पर भी ब्रेक लग गया।

Steve Smith- India TV Hindi
स्टीव स्मिथ Image Source : PTI

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की एशेज 2025-26 टेस्ट सीरीज के चौथे मुकाबले का अंत सिर्फ 2 दिनों के अंदर ही हो गया। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया टीम को 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में पूरी तरह से दोनों टीमों के गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला जिसमें 2 दिनों के खेल में कुल 36 विकेट गिरे और एक भी पारी का स्कोर 200 रनों का आंकड़ा पार नहीं कर सका। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इस सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबले जीतने के साथ पहले ही अजेय बढ़त हासिल कर ली थी, जिसके बाद इस हार से उसको अधिक नुकसान तो नहीं हुआ लेकिन कंगारू टीम की कप्तानी संभाल रहे स्टीव स्मिथ के 8 साल से चले आ रहे एक खास रिकॉर्ड पर जरूर ब्रेक लग गया।

स्टीव स्मिथ की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को एशेज में मिली पहली हार

एशेज सीरीज में स्टीव स्मिथ ने इस मुकाबले से पहले जब भी ऑस्ट्रेलिया टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी को संभाला था तो उसमें या तो कंगारू टीम को जीत मिली या फिर मुकाबला ड्रॉ रहा था। वहीं बॉक्सिंग डे टेस्ट में आकर ये सिलसिला अब खत्म हो गया जब इंग्लैंड ने मैच को 4 विकेट से अपने नाम किया। स्टीव स्मिथ इस टेस्ट सीरीज में पैट कमिंस की अनुपस्थिति में कार्यवाहक कप्तान की जिम्मेदारी को संभाल रहे हैं। साल 2017 में पहली बार स्टीव स्मिथ ने एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया टीम की कप्तानी की थी, जिसमें इस मुकाबले से पहले उनके नेतृत्व में खेले गए 8 एशेज टेस्ट मैच में से ऑस्ट्रेलिया ने जहां 7 को अपने नाम किया था, तो वहीं एक मैच ड्रॉ रहा था। अब स्मिथ का ये अजेय रिकॉर्ड का सिलसिला खत्म हो गया है जिसमें 9वें मुकाबले में कंगारू टीम को पहली हार का सामना करना पड़ा है।

एशेज का चौथा सबसे छोटा मुकाबला रहा

मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए एशेज 2025-26 का बॉक्सिंग टेस्ट अभी तक इस टेस्ट सीरीज के इतिहास का गेंदों के नजरिए से चौथा सबसे छोटा मुकाबला रहा है। इस मैच में कुल 852 गेंदें फेंकी गई। वहीं इस लिस्ट में पहले नंबर पर साल 1988 में ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला गया मुकाबला है जिसमें कुल 788 गेंदें फेंकी गई थी। वहीं अभी तक एशेज के इतिहास में देखा जाए तो 2 दिनों के अंदर खत्म होने वाला ये अभी तक सिर्फ 7वां मैच है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया में सिर्फ दूसरी बार ऐसा देखने को मिला है। इससे पहले एशेज 2025-26 में पर्थ स्टेडियम में खेला गया मुकाबला 2 दिनों के अंदर खत्म हो गया था।

ये भी पढ़ें

जीत के बाद इंग्लैंड को PCT में हुआ फायदा, WTC 2025-27 में ऑस्ट्रेलिया को पहली बार मिली हार

सिर्फ 7 गेंदों की पड़ गई कमी, वरना अंग्रेज बल्लेबाज टेस्ट में चकनाचूर कर देता वर्ल्ड रिकॉर्ड

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल