Asia Cup 2022 PAK vs SL HIGHLIGHTS: एशिया कप 2022 के सुपर 4 के आखिरी मैच में पाकिस्तान को श्रीलंका के हाथों करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। फाइनल से पहले टूर्नामेंट के इन दोनों फाइनलिस्ट ने दुबई के दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में एक दूसरे का सामना किया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 121 रन बनाए। कप्तान बाबर आजम ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए जबकि अब तक जमकर रन बरसा रहे मोहम्मद रिजवान सिर्फ 14 रन बनाकर पविलेयन लौटे। श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा तीन विकेट वनिंदु हसरंगा ने लिए। वहीं महीश तीक्षणा और प्रमोद मदुशन को 2-2 विकेट मिले। लक्ष्य का पीछा करते हुए लंका के 2 विकेट सिर्फ 2 रन पर गिर गए। कुसल मेंडिस और गुणतिल्का अपना खाता तक नहीं खोल सके। लेकिन सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका एक छोर से गिरते विकेट के बावजूद क्रीज पर टिके रहे। उन्होंने 48 गेंदों पर नाबाद 55 रन बनाए और जीत दिलाने तक क्रीज पर डटे रहे। श्रीलंका ने इस मैच में 18 गेंद शेष रहते 122 के लक्ष्य को पार करके पाकिस्तान को धूल चटा दी। रविवार 11 सितंबर को इन्हीं दोनों टीमों के बीच एशिया कप का फाइनल खेला जाएगा।