1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Asia Cup 2022: केएल राहुल के साथ इस खिलाड़ी की भी वापसी तय, यह हो सकता है टीम इंडिया का स्क्वॉड

Asia Cup 2022: केएल राहुल के साथ इस खिलाड़ी की भी वापसी तय, यह हो सकता है टीम इंडिया का स्क्वॉड

 Written By: Priyam Sinha @PriyamSinha4
 Published : Aug 05, 2022 10:50 am IST,  Updated : Aug 05, 2022 10:50 am IST

Asia Cup 2022: एशिया कप का आयोजन टी20 फॉर्मेट में यूएई (दुबई और शारजाह) में 27 अगस्त से 11 सितंबर तक होगा। 28 अगस्त को भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी।

एशिया कप के लिए टीम...- India TV Hindi
एशिया कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान 8 अगस्त को होगा! Image Source : GETTY IMAGES, TWITTER

Highlights

  • केएल राहुल आईपीएल 2022 के बाद से टीम से हैं बाहर
  • 27 अगस्त से होगी एशिया कप की शुरुआत
  • 28 अगस्त को होगा भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला

Asia Cup 2022: भारतीय क्रिकेट टीम के सीनियर सलामी बल्लेबाज और टी20 में उप कप्तान के रूप में पहली पसंद माने जाने वाले केएल राहुल की वापसी एशिया कप के लिए तय मानी जा रही है। वहीं उनके साथ स्विंग गेंदबाज और हाल ही में अपनी बैटिंग स्किल से प्रभावित करने वाले दीपक चाहर की वापसी को भी कंफर्म कहा जा रहा है। रिपोर्ट्स की मानें तो आठ अगस्त को एशिया कप के लिए चुनी जाने वाली भारतीय टीम में तेज गेंदबाज दीपक चाहर के साथ केएल राहुल की भी वापसी करने की उम्मीद है। 

आपको बता दें कि एशिया कप का आयोजन टी20 प्रारूप में दुबई और शारजाह में 27 अगस्त से 11 सितंबर तक होगा। केएल राहुल के जिंबाब्वे के खिलाफ उसकी सरजमीं पर होने वाली एकदिवसीय श्रृंखला के लिए टीम में वापसी करने की भी उम्मीद थी लेकिन कोविड-19 संक्रमण के कारण वह हाल में हुई स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी से पूरी तरह उबरने में नाकाम रहे। यह देखना रोचक होगा कि चेतन शुर्मा की अगुआई वाली चयन समिति 15 खिलाड़ियों का चयन करती है या फिर सभी संभावित विकल्पों को आजमाने की बात ध्यान में रखते हुए 17 सदस्यीय टीम चुनती है। 

ओपनिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे केएल राहुल!

वहीं एशिया कप की भारतीय टीम से काफी हद तक अंदाजा लग जाएगा कि टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम का संयोजन क्या होगा। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ 23 अक्टूबर को पहले टी20 विश्व कप मुकाबले से पहले भारत को लगभग एक दर्जन मैच खेलने हैं। पिछले छह टी20 मैच में ऋषभ पंत और सूर्यकुमार यादव रोहित शर्मा के सलामी जोड़ीदार रहे हैं। राहुल को हालांकि टीम में वापसी करने पर एक बार फिर शीर्ष क्रम में जगह मिलेगी। 

Asia Cup 2022 : जानिए कब होगा टीम इंडिया का ऐलान, इस खिलाड़ी की जगह पक्की!

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया,‘‘केएल राहुल को कुछ भी साबित करने की जरूरत नहीं है। जब भी वह टी20 खेलता है तो हमेशा विशेषज्ञ सलामी बल्लेबाज के रूप में खेलता है और यही चीज जारी रहेगी। भविष्य में सूर्यकुमार यादव और ऋषभ पंत मध्य क्रम के विशेषज्ञ बल्लेबाजों के रूप में खेलेंगे।’’ आईपीएल में काफी रन बटोरने वाले राहुल की हालांकि टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में पारी का आगाज करते हुए धीमी बल्लेबाजी के लिए आलोचना होती रही है। 

टीम इंडिया ने हालांकि पावरप्ले में ‘किसी भी कीमत पर आक्रमण’ करने की रणनीति अपनाई है जिससे पंत और सूर्यकुमार दोनों ने अच्छी तरह से अंजाम दिया है। ऐसे में राहुल को निश्चित तौर पर यूएई में महाद्वीपीय टूर्नामेंट में अपने खेल में बदलाव करना होगा। विराट कोहली की फॉर्म भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ी चिंता है लेकिन इस स्टार बल्लेबाज के तीसरे नंबर के स्थान को फिलहाल कोई खतरा नजर नहीं आता। दिनेश कार्तिक ने मध्य क्रम में एक स्थान पर अपनी जगह लगभग पक्की कर दी है जबकि भविष्य में दीपक हुड्डा पहले बैकअप विकल्प होंगे। 

दीपक चाहर बनेंगे भुवी का विकल्प!

यह देखना रोचक होगा कि चयनकर्ता अतिरिक्त सलामी बल्लेबाज और विकेटकीपर विकल्प के रूप में इशान किशन को चुनते हैं या फिर मध्य क्रम के आक्रामक बल्लेबाज और विकेटकीपर विकल्प के रूप में संजू सैमसन को चुनते हैं। चयनकर्ता कोई भी फैसला करें इन दोनों में से एक का बाहर होना लगभग तय है। गेंदबाजी इकाई में चाहर जिंबाब्वे के खिलाफ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में वापसी करेंगे और पूरी संभावना है कि उन्हें एशिया कप के लिए जाने वाली टीम में भी चुना जाएगा। 

सूत्र ने कहा, ‘‘दीपक चोटिल होने से पहले टी20 में भारत के लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले गेंदबाजों में से एक थे। वह उचित मौके का हकदार है और साथ ही हमें भुवनेश्वर कुमार का उसके समान विकल्प भी चाहिए। साथ ही वह वापसी कर रहा है तो लय हासिल करने के लिए उसे काफी मैच खेलने होंगे।’’ हर्षल पटेल को कथित तौर पर पसलियों में चोट लगी है और टीम में उनका शामिल होना फिटनेस पर निर्भर करेगा। जहां तक आफ स्पिनर का सवाल है तो वाशिंगटन सुंदर के नाम पर टी20 विश्व कप के लिए विचार नहीं होगा क्योंकि टीम प्रबंधन अनुभवी रविचंद्रन अश्विन के अलावा रविंद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल और अक्षर पटेल के साथ आगे बढ़ना चाहता है। 

एशियाई कप के लिए भारत का संभावित स्क्वॉड

निश्चित 13 खिलाड़ी 

रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, ऋषभ पंत, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, दिनेश कार्तिक, रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार।

बैक अप बल्लेबाज

दीपक हुड्डा/ईशान किशन/संजू सैमसन/श्रेयस अय्यर

बैक अप तेज गेंदबाज

अर्शदीप सिंह/आवेश खान/दीपक चाहर/हर्षल पटेल 

बैक अप स्पिनर

अक्षर पटेल/कुलदीप यादव/रवि बिश्नोई/ वाशिंगटन सुंदर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल