1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. शुभमन गिल या ईशान किशन, एशिया कप 2023 में कौन होगा कप्तान रोहित शर्मा का ओपनिंग पार्टनर?

शुभमन गिल या ईशान किशन, एशिया कप 2023 में कौन होगा कप्तान रोहित शर्मा का ओपनिंग पार्टनर?

 Written By: Govind Singh
 Published : Aug 27, 2023 02:43 pm IST,  Updated : Aug 27, 2023 02:43 pm IST

एशिया कप में कप्तान रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करने के लिए टीम इंडिया में ईशान किशन और शुभमन गिल मौजूद हैं।

Ishan Kishan- India TV Hindi
Ishan Kishan, Shubman Gill And Rohit Sharma Image Source : GETTY

भारतीय टीम एशिया कप के अपने पहले मुकाबले में 2 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। टीम इंडिया का ऐलान पहले हो चुका है। टीम इंडिया में कप्तान रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करने के लिए दो बड़े दावेदार मौजूद हैं। ये खिलाड़ी पहले भी रोहित के साथ ओपनिंग की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अब देखने वाली बात होगी कि एशिया कप में किसे रोहित के साथ ओपनिंग का मौका मिलता है। 

1. ईशान किशन 

ईशान किशन ने भारत के लिए वेस्टइंडीज दौरे पर ओपनिंग करते हुए 184 रन बनाए थे। इसी वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ सीरीज अवॉर्ड भी मिला था। इसके अलावा ओपनिंग करते हुए ही उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ दोहरा शतक जड़ा था। वह अच्छी लय में हैं और विकेटकीपिंग से भी टीम इंडिया में योगदान दे सकते हैं। ईशान ने अभी तक टीम इंडिया के लिए 17 वनडे मैचों में कुल 694 रन बनाए हैं। 

2. शुभमन गिल 

पिछले कुछ समय शिखर धवन की जगह वनडे में शुभमन गिल खेलते हुए दिखाई दिए और वह अपने बेहतरीन प्रदर्शन से सभी को प्रभावित करने में सफल भी रहे हैं। गिल ने टीम इंडिया के लिए साल 2019 में डेब्यू किया था। गिल ने अभी तक टीम इंडिया के लिए 23 मैचों में ओपनिंग की है और इसमें 66.21 की औसत से 1258 रन बनाए हैं। गिल को टीम इंडिया का अगला विराट कोहली माना जा रहा है, जब वह अपनी लय में हों तो किसी भी गेंदबाजी आक्रामण की धज्जियां उड़ा सकते हैं। वह एशिया कप में कप्तान रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करने के प्रबल दावेदार हैं। 

ओपनर के तौर पर ऐसा रहा है रोहित का प्रदर्शन 

रोहित शर्मा ने टीम इंडिया के लिए जुलाई 2007 में डेब्यू किया था। लेकिन 2013 तक वह टीम के लिए मिडिल ऑर्डर में खेले थे। इसके बाद महेंद्र सिंह धोनी ने उन्हें ओपनिंग करने का मौका दिया और उनकी किस्मत चमक गई। 2013 के बाद वह टीम इंडिया के लिए परमानेंट ओपनर बन गए। वनडे वर्ल्ड कप में उन्होंने भारत के लिए 5 शतक जड़े थे। उन्होंने अभी तक टीम इंडिया के लिए ओपनिंग करते हुए 158 मैचों में 7807 रन बनाए हैं, जिसमें 28 शतक लगाए हैं। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल