1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Asia Cup 2025: रोमांचक मुकाबले में बांग्लादेश को मिली जीत, अफगानिस्तान को 8 रनों से हराया

Asia Cup 2025: रोमांचक मुकाबले में बांग्लादेश को मिली जीत, अफगानिस्तान को 8 रनों से हराया

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Sep 17, 2025 12:00 am IST,  Updated : Sep 17, 2025 12:01 am IST

बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच एशिया कप 2025 का 9वां मुकाबला खेला गया। इस मैच में बांग्लादेश को एक आसान जीत मिली।

Bangladesh Cricket Team- India TV Hindi
बांग्लादेश क्रिकेट टीम Image Source : AP

एशिया कप 2025 के 9वे मैच में बांग्लादेश ने अफगानिस्तान को 8 रनों से हराया। तीन मैचों में बांग्लादेश की यह दूसरी जीत थी, लेकिन दो जीत के बावजूद टीम को अभी भी सुपर-4 का टिकट नहीं मिल पाया है। वहीं अफगानिस्तान की बात करें तो दो मैचों में उनकी यह पहली हार है। अब उनका अगला मैच श्रीलंका से होगा और सुपर 4 में पहुंचने के लिए अफगानी टीम को हर हाल में उस मैच में जीत दर्ज करनी होगी। इस मैच में बांग्लादेश ने अफगानिस्तान के सामने 155 का टारगेट रखा था। जवाब में राशिद खान की टीम 146 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। यह पहला मौका है जब बांग्लादेश ने अपने घर से बाहर अफगानिस्तान को हराया हो।

तंजीद हसन ने बांग्लादेश के लिए लगाया शानदार अर्धशतक

इस मैच के लिए बांग्लादेश ने अपनी प्लेइंग XI में चार बदलाव किए। उन्होंने अपनी ओपनिंग जोड़ी में बदलाव किया और उनका ये फैसला कारगर साबित हुआ। सैफ हसन और तंजीद हसन की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी की। सैफ ने 28 गेंदों में 30 रन बनाए। वहीं तंजीद हसन तमीम ने अर्धशतक लगाया। वह 31 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए और टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनके अलावा तौहीद हृदोय ने 20 गेंदों में 26 रनों की पारी खेली। बाकी के बांग्लादेशी बल्लेबाज इस मैच में कुछ खास कमाल नहीं कर पाए और पूरी टीम 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 154 रन ही बना पाई।

अफगानिस्तान के बल्लेबाज नहीं खेल पाए बड़ी पारी

155 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। पारी की पहली गेंद पर टीम को पहला झटका भी लग गया, जब सेदिकुल्लाह अटल गोल्डन डक बनाकर चलते बने। इसके बाद टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही। रहमानुल्लाह गुरबाज को इस मैच में अच्छी शुरुआत जरूर मिली लेकिन वह उसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए। गुरबाज 31 गेंदों में 35 रन बनाकर आउट हुए। वहीं मिडिल ऑर्डर में गुलबदीन (16), मोहम्मद नबी (15) छोटी पारी खेलकर आउट हो गए। अजमतुल्लाह ओमरजई ने 16 गेंदों में 30 रनों की तूफानी पारी खेलकर कुछ उम्मीदें जरूर जगाई लेकिन वह टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं थे। बांग्लादेश के लिए नुसुम अहमद ने इस मैच में शानदार गेंदबाजी की, उन्होंने अपने चार ओवर में सिर्फ 11 रन देकर 2 विकेट लिए।

यह भी पढ़ें 

IND vs WI: दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए टीम का ऐलान, स्क्वाड में किए गए तीन बदलाव

भारतीय महिला टीम भी नहीं मिलाएगी पाकिस्तान से हाथ? दीप्ति शर्मा ने दे दिया ये जवाब

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल