एशिया कप 2025 में अब तक दोनों ग्रुप को मिलाकर कुल 9 मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें सिर्फ भारतीय टीम सुपर-4 के लिए अपनी जगह को पक्का करने में कामयाब हो सकी है। वहीं ग्रुप-बी में अगले राउंड में पहुंचने के लिए जंग अब काफी रोमांचक दिख रही है। 16 सितंबर ग्रुप बी में अफगानिस्तान और बांग्लादेश की टीम के बीच मुकाबला खेला गया जिसमें बांग्लादेश ने 8 रनों से जीत हासिल करने के साथ खुद को सुपर-4 में पहुंचने की रेस में शामिल रखा हुआ है, वहीं अब अफगानिस्तान के लिए ग्रुप-बी में बचा उनका आखिरी मुकाबला काफी अहम हो गया है।
ग्रुप-बी में तीन टीमों के बीच सुपर-4 में पहुंचने के लिए बन रहे ये समीकरण
बांग्लादेश की टीम ने जहां ग्रुप-बी में अपने तीनों ही मुकाबले खेल लिए हैं, जिसमें वह 2 जीत और एक हार के बाद -0.270 नेट रनरेट के साथ दूसरे नंबर पर काबिज हैं। वहीं श्रीलंका की टीम जिन्होंने 2 मैच खेले और दोनों को अपने नाम किया है वह 4 अंकों के साथ 1.546 नेट रनरेट के साथ पहले नंबर पर काबिज हैं। हांगकांग की टीम अपने तीनों मैच गंवाने के साथ सुपर-4 की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी है, जबकि अफगानिस्तान की टीम 2 मैचों में एक जीत और एक हार के साथ तीसरे नंबर पर है, जिसमें उसका नेट रनरेट 2.150 का है।
ऐसे में अफगानिस्तान यदि श्रीलंका के खिलाफ होने वाले 18 सितंबर को ग्रुप-बी के मुकाबले में हार का सामना करती है तो बांग्लादेश और श्रीलंका दोनों सुपर-4 के लिए अपनी जगह को पक्का कर लेंगी। वहीं अफगानिस्तान यदि श्रीलंका के खिलाफ जीत दर्ज करती है तो इस स्थिति में वह जहां सुपर-4 में पहुंच जाएगी तो वहीं श्रीलंका और बांग्लादेश में से जिस भी टीम का नेट रनरेट बेहतर होगा वह अगले राउंड में पहुंचेगी। अभी श्रीलंका का नेट रनरेट काफी बेहतर है, जिसमें उसे अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में कम से कम 70 रन या फिर 50 गेंदे शेष रहते हुए हार का सामना करना होगा उसी स्थिति में उनका नेट रनरेट बांग्लादेश से कम होगा।
ग्रुप-ए में पाकिस्तान और यूएई के बीच मुकाबले पर सभी की नजरें
भारतीय टीम जहां ग्रुप-ए के अपने दोनों शुरुआती मैच जीतने के साथ पहले ही सुपर-4 के लिए अपनी जगह को पक्का कर चुकी है तो वहीं दूसरी टीम का फैसला 17 सितंबर को पाकिस्तान और यूएई के बीच होने वाले मुकाबले से होगा। अभी पाकिस्तान की टीम जहां 2 अंकों और 1.649 नेट रनरेट के साथ दूसरे नंबर पर है तो वहीं यूएई की टीम 2 अंकों और -2.030 नेट रनरेट के साथ तीसरे नंबर पर काबिज है।
ये भी पढ़ें
राशिद खान ने रच दिया इतिहास, इस मामले में तोड़ा भारत के घातक गेंदबाज का रिकॉर्ड
Asia Cup 2025: UAE के खिलाफ मैच से पहले बुरा फंसा पाकिस्तान, हटा तो होगा इतने करोड़ का नुकसान