पाकिस्तान क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम पिछले काफी समय से आउट ऑफ फॉर्म चल रहे हैं। वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए पाकिस्तान की टीम का हिस्सा जरूर हैं लेकिन इस टूर्नामेंट में वह अभी तक एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं। उन्हें नामीबिया के खिलाफ ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला था। लेकिन इस बीच बाबर के पास सुपर-8 स्टेज के पहले मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ इतिहास रचने का मौका होगा। यह मुकाबला 21 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा।
बाबर आजम के पास टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 12000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने का मौका है। इस मामले में वह क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। बाबर को टी20 क्रिकेट में 12000 रन पूरे करने के लिए 20 रन की जरूरत है। अगले मैच में बाबर के पास सबसे तेज 12000 टी-20 रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा। फिलहाल यह रिकॉर्ड क्रिस गेल ने नाम हैं, जिन्होंने इसके लिए 343 पारियां खेली थी। लिस्ट में दूसरे नंबर पर फिलहाल विराट कोहली का नाम है। विराट ने 360 पारियों में 12000 टी20 रन पूरे किए थे।
आजम ने टी-20 फॉर्मेट में अभी तक 346 मैच की 334 पारियों में 41.97 की औसत और 128.37 की स्ट्राइक रेट से 11880 रन बनाए हैं। इसका मतलब है कि अगर वो न्यूजीलैंड के खिलाफ सुपर-8 मैच में 20 रन बनाते हैं तो वह 335 पारियों में 12000 टी-20 रन बनाने वाले पाकिस्तान के दूसरे और दुनिया के 12वें खिलाड़ी बन जाएंगे। इससे पहले पाकिस्तान के लिए टी20 फॉर्मेट में 12000 रनों के आंकड़े तक सिर्फ शोएब मलिक ही पहुंच पाए थे।
बाबर ने टी-20 वर्ल्ड कप में अब तक 20 पारियों में 615 रन बनाए हैं। अगर वह 32 रन और बना लेते हैं तो टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में शोएब मलिक को पीछे छोड़ते हुए पहले नंबर पर पहुंच जांएंगे। मलिक ने टी20 वर्ल्ड कप में 31 पारियों में 646 रन बनाए थे। मौजूदा टी-20 वर्ल्ड कप में बाबर का प्रदर्शन खास नहीं रहा है। उन्होंने अभी तक तीन पारियों में 66 रन बनाए हैं, जिसमें बेस्ट स्कोर 46 रन रहा है। हालांकि न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल में बाबर का रिकॉर्ड अच्छा रहा है।
यह भी पढ़ें
संपादक की पसंद