ICC वूमेन्स वनडे वर्ल्ड कप 2025 का आगाज 30 सितंबर से होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी भारत और श्रीलंका मिलकर करेंगे। सभी टीमों की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं और इसी कड़ी में बांग्लादेश ने भी अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है।
बांग्लादेश की कप्तानी विकेटकीपर-बल्लेबाज निगार सुल्ताना जोटी के हाथों में सौंपी गई है। जोटी इस टूर्नामेंट में दूसरी बार बांग्लादेश की कप्तानी करते हुए दिखाई देंगी। पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने लगातार अच्छे प्रदर्शन और मजबूत नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया है, जिसकी बदौलत उन पर चयनकर्ताओं ने फिर से भरोसा जताया है।
रुबिया हैदर की पहली बार ODI टीम में एंट्री
टीम में सबसे खास नाम है विकेटकीपर-बल्लेबाज रुबिया हैदर झेलिक का, जिन्हें पहली बार वनडे टीम में मौका मिला है। रुबिया ने अब तक 6 T20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व किया है और अब वह वनडे फॉर्मेट में खुद को साबित करने के लिए तैयार हैं।
वर्ल्ड कप टीम में निशिता अख्तर निशी और सुमैया अख्तर जैसी उभरती खिलाड़ी भी शामिल हैं। दोनों ने इस साल की शुरुआत में अंडर-19 महिला T20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व किया था। सुमैया ने पिछले साल मार्च में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था। बांग्लादेश टीम की सबसे युवा सदस्य निशिता ने दो वनडे मैच खेले हैं, उन्होंने 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ अपना डेब्यू किया था।
बांग्लादेश का कोलंबो में पहला मैच
बांग्लादेश 2 अक्टूबर को कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ वूमेन्स वर्ल्ड कप 2025 अभियान की शुरुआत करेगा। इससे पहले निगार सुल्ताना जोटी की अगुवाई वाली टीम 25 और 27 सितंबर को क्रमशः साउथ अफ्रीका और श्रीलंका के खिलाफ अभ्यास मैच खेलेगी।
वर्ल्ड कप 2025 के लिए बांग्लादेश की टीम: निगार सुल्ताना जोटी (कप्तान), नाहिदा अख्तर, फरजाना हक, रुब्या हैदर झेलिक, शर्मिन अख्तर सुप्ता, शोभना मोस्तरी, रितु मोनी, शोर्ना अख्तर, फाहिमा खातून, राबेया खान, मारुफा अख्तर, फरिहा इस्लाम त्रिस्ना, शंजीदा अख्तर मघला, निशिता अख्तर निशी, सुमैया अख्तर।