BAN vs SL: बांग्लादेश क्रिकेट टीम इस समय श्रीलंका के दौरे पर है। टेस्ट सीरीज हारने के बाद अभी ODI सीरीज खेल रही है। इसके बाद दोनों टीमें 3 मैचों की T20I सीरीज में आमने-सामने होंगी। इस सीरीज के लिए बांग्लादेश ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने 16 खिलाड़ियों को चुना है, जिसमें पूर्व कप्तान नजमुल हुसैन शान्तो को जगह नहीं मिली है। हाल के दिनों में शॉर्ट फॉर्मेट में शांतो की फॉर्म चर्चा का विषय रही है। इस वजह से नजमुल को T20I कप्तानी छोड़नी पड़ी, ताकि वह अपनी T20 बल्लेबाजी पर ध्यान केंद्रित कर सकें। शांतो के अलावा सौम्य सरकार, हसन महमूद, तनवीर इस्लाम, नाहिद राणा और खालिद अहमद भी टीम से बाहर हो गए हैं, जो पाकिस्तान के खिलाफ पिछली T20I टीम का हिस्सा थे।
बांग्लादेश को पहली जीत का इंतजार
दूसरी तरफ, ऑलराउंडर मोहम्मद सैफुद्दीन की एक साल के अंतराल के बाद T20I टीम में वापसी हुई है। इसके अलावा तस्कीन अहमद, शोरफुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान और नसुम अहमद की भी वापसी हुई है। गौरतलब है कि तीन मैचों की T20I सीरीज 10 जुलाई से 16 जुलाई तक खेली जाएगी। इस सीरीज के साथ ही बांग्लादेश के श्रीलंका दौरे का समापन हो जाएगा। बांग्लादेश क्रिकेट टीम को श्रीलंका दौरे पर अब तक जीत नसीब नहीं हुई है। 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला ड्रॉ रहा और फिर दूसरे टेस्ट में मेजबान श्रीलंका ने पारी और 78 रनों से बांग्लादेश को हराया। बांग्लादेश और श्रीलंका फिलहाल ODI सीरीज में व्यस्त हैं। पहले मुकाबले में श्रीलंका ने बांग्लादेश को 77 रनों से शिकस्त दी थी। अब दूसरा मुकाबला कोलंबो में 5 जुलाई को खेला जाएगा।
3 मैचों की T20I सीरीज का फुल शेड्यूल
- 10 जुलाई: पहला T20I, पल्लेकेले
- 13 जुलाई: दूसरा T20I, दांबुला
- 16 जुलाई: तीसरा T20I, कोलंबो
श्रीलंका के खिलाफ T20I सीरीज के लिए बांग्लादेश की टीम इस प्रकार है: लिटन कुमार दास (कप्तान), तनजीद हसन तमीम, परवेज हुसैन इमोन, मोहम्मद नईम शेख, तौहीद ह्रदय, जैकर अली अनिक, शमीम हुसैन पटवारी, मेहदी हसन मिराज, रिशाद हुसैन, शाक महेदी हसन, नसुम अहमद, तस्कीन अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, शोरीफुल इस्लाम, तनजीम हसन साकिब, मोहम्मद सैफुद्दीन।