वैसे तो अभी इंटरनेशनल मैच कम हो रहे हैं, लेकिन बांग्लादेश की टीम लगातार मुकाबले खेल रही है। इस वक्त न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम बांग्लादेश के दौरे पर है, जहां वनडे सीरीज खेली जा रही है। पहले दो मैच हो गए हैं और आखिरी मुकाबला बाकी है। इस बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की ओर से टी20 सीरीज के लिए भी टीम का ऐलान कर दिया गया है। टीम की कमान लिटन दास के हाथ में होगी। हालांकि अभी पहले दो मैचों के लिए ही टीम की घोषणा की गई है।
बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच 27 अप्रैल से खेली जाएगी टी20 सीरीज
बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड टी20 सीरीज के पहले दो मैचों के लिए बीसीबी ने टीम घोषित कर दी है। सीरीज का पहला मुकाबला 27 अप्रैल को चटगांव में होगा। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने मुस्तफिजुर रहमान, तस्कीन अहमद और नाहिद राणा जैसे अपने स्टार प्लेयर्स को पहले दो मैचों के लिए आराम दिया है। आखिरी मैच में उनकी वापसी हो सकती है। बीसीबी ने यहां पर नए और युवा खिलाड़ियों को मौका देने का फैसला किया है। तेज गेंदबाज अब्दुल गफ्फार सकलैन को टीम में मौका दिया है, जो नीचे के क्रम में अच्छी बल्लेबाजी भी कर लेते हैं।
रिपोन मोंडल की भी हो गई टीम में वापसी
इतना ही नहीं, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने तेज गेंदबाज रिपन मोंडल को भी मौका दिया है, जो डेथ ओवर स्पेशलिस्ट माने जाते हैं। पिछले कुछ समय से उन्होंने अच्छा खेल दिखाया है, इसीलिए उनकी एंट्री हुई है। इससे पहले रिपन मोंडल तीन मैच बांग्लादेश के लिए खेल चुके हैं। अभी बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज चल रही है। पहला मैच मेजबानी टीम न्यूजीलैंड ने अपने नाम किया था, इसके बाद वापसी करते हुए बांग्लादेश ने दूसरा मैच जीत लिया था। यानी अब सीरीज बराबरी पर है। तीसरा मैच जो टीम जीतेगी, सीरीज उसी के नाम हो जाएगी। तीसरा मुकाबला 23 अप्रैल को खेला जाएगा।
ऐसा है टी20 सीरीज का शेड्यूल
जहां तक बात टी20 सीरीज की है तो हमने पहले ही बताया कि सीरीज का आगाज 27 अप्रैल से होगा, दूसरा मैच 29 अप्रैल को खेला जाएगा। तीसरा और आखिरी मैच 2 मई को होगा। तीसरे मैच के लिए टीम का ऐलान बाद में किया जाएगा।
पहले दो T20I के लिए बांग्लादेश की टीम: लिटन दास (कप्तान), परवेज हुसैन इमोन, तंजीद हसन, मोहम्मद सैफ हसन, शमीम हुसैन, तौहीद ह्रदय, नूरुल हसन, शाक महेदी हसन, नसुम अहमद, रिशाद हुसैन, शोरीफुल इस्लाम, तंजीम हसन साकिब, रिपन मोंडोल, शैफ उद्दीन, अब्दुल गफ्फार सकलैन।
सीरीज का शेड्यूल
पहला T20I: 27 अप्रैल, चटगांव
दूसरा T20I: 29 अप्रैल, चटगांव
तीसरा T20I: 2 मई, ढाका
यह भी पढ़ें
SRH vs DC: कौन है दिल्ली कैपिटल्स की हार का सबसे बड़ा विलेन, एक तो जीता हुआ मैच हरवा दिया
IPL Points Table: सनराइजर्स हैदराबाद की जीत से बदली अंक तालिका, किस टीम को हुआ नुकसान