BCCI New Rules: IPL 2026 के बीच BCCI ने एक बड़ा और सख्त फैसला लिया है, जिससे टीमों की रणनीति पर सीधा असर हो सकता है। अब मैच के दौरान बेंच पर बैठे खिलाड़ी मैदान के आसपास यूं ही घूम नहीं सकेंगे। नए नियम के मुताबिक, मैच के दौरान केवल वही 16 खिलाड़ी मैदान पर आना जाना कर सकेंगे, जिन्हें टीम मैनेजमेंट ने आधिकारिक टीम शीट में शामिल किया है। इसके अलावा बाकी खिलाड़ी न तो मैदान में प्रवेश कर पाएंगे और न ही ड्रिंक्स, बैट या कोई मैसेज लेकर खिलाड़ियों तक पहुंच सकेंगे।
सब्स्टीट्यूट खिलाड़ियों पर भी सख्ती
हाल ही में BCCI और IPL मैनेजमेंट ने टीमों को निर्देश दिए हैं कि जो खिलाड़ी नामित 16 में शामिल नहीं हैं, वे किसी भी हालत में मैदान पर नहीं जाएंगे। चाहे वह ड्रिंक्स देने हों या कोई संदेश पहुंचाना हो। नए नियम के तहत एक समय में सिर्फ पांच खिलाड़ी ही बाउंड्री लाइन के पास रह सकते हैं। ये खिलाड़ी टीम के 16 में शामिल हों या बाकी स्क्वॉड से। लेकिन संख्या 5 से ज्यादा नहीं हो सकती। आमतौर पर यही खिलाड़ी ड्रिंक्स ले जाते या बाउंड्री के बाहर गई गेंद वापस लाते नजर आते थे।
डगआउट तक सीमित रहेंगे बाकी खिलाड़ी
क्रिकबज के मुताबिक, टीम सूत्रों ने बताया कि बाकी खिलाड़ियों को अब डगआउट में ही बैठना होगा। उन्हें बाउंड्री लाइन और LED विज्ञापन बोर्ड के बीच घूमने की अनुमति नहीं होगी। इससे पहले नियमों में थोड़ी ढील थी, जहां खिलाड़ी ड्रिंक्स लेकर मैदान में जा सकते थे, बशर्ते खेल में बाधा न आए। लेकिन अब BCCI ने मैच प्लेइंग कंडीशंस (MPC) के क्लॉज 11.5.2 और 24.1.4 को और सख्त करते हुए इन पर स्पष्ट रोक लगा दी है।
क्यों लिया गया फैसला?
हालांकि, इस नए नियम के पीछे की सटीक वजह सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि मैच के दौरान अनुशासन बनाए रखने और अनावश्यक हलचल को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। अब तक इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 74 में से 13 मुकाबले खेले जा चुके हैं। 14वां मैच दिल्ली में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइंस के बीच खेला जाएगा। BCCI का यह नया नियम IPL में अनुशासन को और कड़ा करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। हालांकि, इससे टीमों की ऑन-फील्ड कम्युनिकेशन और रणनीति पर भी असर पड़ सकता है, जिसका प्रभाव आने वाले मैचों में साफ दिखाई देगा।
यह भी पढ़ें: