1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कोलकाता नाइट राइडर्स के खेमे में टेंशन, स्टार स्पिनर के खेलने पर अभी भी सस्पेंस

कोलकाता नाइट राइडर्स के खेमे में टेंशन, स्टार स्पिनर के खेलने पर अभी भी सस्पेंस

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Apr 08, 2026 07:35 pm IST,  Updated : Apr 08, 2026 07:35 pm IST

IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स अब तक जीत का खाता नहीं खोल पाई है। अब KKR की टीम 9 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स से भिड़ेगी। ये मुकाबला ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा।

KKR- India TV Hindi
कोलकाता नाइट राइडर्स Image Source : AFP

Kolkata Knight Riders: IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए राहत और चिंता, दोनों खबरें एक साथ सामने आई हैं। जहां एक ओर टीम के स्टार ऑलराउंडर सुनील नरेन की वापसी को लेकर अच्छी खबर आई है, वहीं मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के खेलने पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। KKR को 9 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में बड़ी राहत मिलने वाली है। टीम के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक सुनील नरेन बीमारी से उबर चुके हैं और 7 अप्रैल से अभ्यास भी शुरू कर दिया है। वह पेट की समस्या के कारण पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछला मैच नहीं खेल पाए थे।

वरुण की फिटनेस पर सवाल

दूसरी तरफ, वरुण चक्रवर्ती की स्थिति अभी साफ नहीं है। वह बाएं हाथ की चोट से जूझ रहे हैं, जो उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ फील्डिंग के दौरान लगी थी। पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में भी वह नहीं खेले थे और अब तक उनकी वापसी की कोई तय समयसीमा सामने नहीं आई है। पंजाब के खिलाफ मुकाबले में KKR की टीम बिना अपने दोनों प्रमुख स्पिनर्स के उतरी थी, जो 2019 के बाद पहली बार हुआ। उस मैच में केवल अनुकूल रॉय ही टीम के एकमात्र स्पिनर थे।

टीम के लिए एक और अच्छी खबर यह है कि कैमरन ग्रीन भी अब गेंदबाजी के लिए तैयार हो सकते हैं। हालांकि, वह नेट्स में गेंदबाजी कर रहे हैं, लेकिन अब तक मैच में उन्होंने एक भी ओवर नहीं डाला है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के साथ तालमेल में उनकी वर्कलोड मैनेजमेंट की जा रही है।

KKR की स्थिति चिंताजनक

इस सीजन में KKR की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। टीम ने तीन मैचों में सिर्फ एक पॉइंट हासिल किया है। कोलकाता को दो मैचों में हार मिली है और एक मैच बारिश की वजह से रद्द हुआ। नरेन की वापसी से KKR को जरूर मजबूती मिलेगी, लेकिन वरुण चक्रवर्ती की गैरमौजूदगी टीम के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि लखनऊ के खिलाफ मुकाबले में KKR अपनी कमजोरियों को कैसे दूर करती है।

कोलकाता नाइट राइडर्स का स्क्वाड: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, सुनील नारायण, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, कैमरून ग्रीन, फिन एलन, मथीशा पथिराना, तेजस्वी सिंह, कार्तिक त्यागी, प्रशांत सोलंकी, राहुल त्रिपाठी, टिम सीफर्ट, सार्थक रंजन, दक्ष कामरा, रचिन रवींद्र, ब्लेसिंग मुजाराबानी, सौरभ दुबे और नवदीप सैनी।

 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल