1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बेन डकेट ने लॉर्ड्स में रचा इतिहास, तोड़ा विवियन रिचर्ड्स का 47 साल पुराना रिकॉर्ड

बेन डकेट ने लॉर्ड्स में रचा इतिहास, तोड़ा विवियन रिचर्ड्स का 47 साल पुराना रिकॉर्ड

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 19, 2026 10:39 pm IST,  Updated : Jul 19, 2026 10:39 pm IST

लॉर्ड्स में भारत के खिलाफ तीसरे और निर्णायक ODI में बेन डकेट ने 135 गेंदों पर 141 रन की शानदार पारी खेलकर विवियन रिचर्ड्स का 47 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया और लॉर्ड्स में ODI का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बना दिया।

Ben Duckett - India TV Hindi
बेन डकेट Image Source : AFP

लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर भारत के खिलाफ निर्णायक तीसरे ODI में इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने ऐसी विस्फोटक पारी खेली, जिसने सालों पुराना रिकॉर्ड चकनाचूर कर दिया। डकेट ने 135 गेंदों में 141 रन ठोककर न सिर्फ इंग्लैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज सर विवियन रिचर्ड्स का 47 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। उनकी इस पारी की बदौलत इंग्लैंड ने लॉर्ड्स के ODI इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर भी खड़ा कर दिया।

डकेट ने 18 चौकों और एक छक्के की मदद से 141 रन की शानदार पारी खेली और लॉर्ड्स में ODI क्रिकेट का हाईएस्ट व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड विवियन रिचर्ड्स के नाम था, जिन्होंने 1979 वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 138 रन बनाए थे।

लॉर्ड्स में सबसे बड़ी ODI पारियां

  • 141 - बेन डकेट बनाम भारत (2026)
  • 138 - विवियन रिचर्ड्स बनाम इंग्लैंड (1979)
  • 137 - डेनिस एमिस बनाम भारत (1975)
  • 137 -  मार्कस ट्रेस्कोथिक बनाम पाकिस्तान (2001)
  • 136 - ग्राहम गूच बनाम ऑस्ट्रेलिया (1989)

डकेट को जैकब बेथेल का शानदार साथ मिला। दोनों ने पहले विकेट के लिए 192 रन जोड़कर भारत के खिलाफ इंग्लैंड की ओर से किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी ODI साझेदारी का नया रिकॉर्ड बना दिया। इससे पहले 2018 में हेडिंग्ले में इयोन मॉर्गन और जो रूट ने 186 रन की साझेदारी की थी। इंग्लैंड की शुरुआत थोड़ी धीमी रही और पहले 10 ओवर के पावरप्ले में टीम ने 58 रन बनाए। लेकिन इसके बाद 11वें से 30वें ओवर के बीच अंग्रेज बल्लेबाजों ने ऐसा हमला बोला कि भारतीय गेंदबाज बैकफुट पर चले गए। डकेट और बेथेल ने लगातार आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए भारतीय गेंदबाजी के खिलाफ जमकर रन बटोरे।

इंग्लैंड ने खड़ा किया रिकॉर्ड स्कोर

दोनों सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद भी रनगति नहीं थमी। अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने सिर्फ 48 गेंदों में 9 चौकों की मदद से नाबाद 74 रन बनाए। यह उनका लगातार छठा ODI अर्धशतक रहा। खास बात यह है कि भारत के खिलाफ इस तीन मैचों की सीरीज में रूट ने लगातार तीसरी बार नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली। इससे पहले उन्होंने बर्मिंघम ODI में नाबाद 76 और कार्डिफ में नाबाद 99 रन बनाए थे। अंतिम ओवरों में जोस बटलर ने भी तूफानी अंदाज दिखाया। उन्होंने केवल 13 गेंदों पर चार चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 41 रन बनाए।  इंग्लैंड ने निर्धारित 50 ओवर में 3 विकेट पर 387 रन बनाए, जो लॉर्ड्स में किसी भी टीम का अब तक का सबसे बड़ा ODI स्कोर है।

यह भी पढ़ें:

इंडिया वर्सेस इंग्लैंड तीसरे वनडे में क्यों काली पट्टी बांधकर खेलने उतरे खिलाड़ी? 1 मिनट का मौन भी रखा गया

लॉर्ड्स वनडे में क्यों नहीं खेल रहे हैं जसप्रीत बुमराह? टॉस के वक्त शुभमन गिल ने बताई असली वजह

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल