IPL 2026 शुरू होने से ठीक पहले दिल्ली कैपिटल्स को तगड़ा झटका लगा है। इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज बेन डकेट ने IPL से अपना नाम वापस लेने का फैसला कर लिया है। खास बात यह है कि उन्होंने यह कदम अपने इंटरनेशनल करियर को बचाने के लिए उठाया है, लेकिन इसके चलते उन्हें अब 3 साल के बैन का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली कैपिटल्स ने डकेट को ऑक्शन में 2 करोड़ रुपये में खरीदा था और उनसे उम्मीद की जा रही थी कि वे ओपनिंग में केएल राहुल के साथ अहम भूमिका निभाएंगे। लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने में महज चार दिन बाकी रहते उन्होंने साफ कर दिया कि वह इस सीजन में हिस्सा नहीं लेंगे।
दिल्ली की टीम से मांगी माफी
डकेट ने अपने फैसले को लेकर द टेलीग्राफ से बात करते हुए कहा कि यह उनके लिए बहुत मुश्किल फैसला था और वह दिल्ली की टीम से माफी चाहते हैं कि वह नहीं आ पाएंगे। जब उन्होंने ऑक्शन में नाम दिया था, तो उन्हें लगा था कि यह शानदार मौका होगा। दिल्ली जैसी टीम का उन्हें चुनना बेहद खास था। IPL दुनिया की सबसे बेहतरीन लीग है, जहां टॉप खिलाड़ी खेलते हैं और यह अनुभव कमाल का होता।
उन्होंने आगे कहा कि नहीं पता कि वो IPL को बिना खेले ही अलविदा कह रहा हूं या नहीं। उनकी उम्र अब 31 साल है, ऐसे में वापसी आसान नहीं होगी। लेकिन उन्हें उम्मीद है कि एक दिन वह दिल्ली का प्रतिनिधित्व कर पाएंगे। उन्होंने इस पर काफी सोचा है और उन्हें लगता है कि उनके करियर के लिए यही सही फैसला है।
इंग्लैंड टीम के लिए लीग से बनाई दूरी
दरअसल, डकेट फिलहाल इंग्लैंड टीम में अपनी जगह मजबूत करने पर ध्यान देना चाहते हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट में लगातार मौके पाने के लिए उन्होंने फ्रेंचाइजी क्रिकेट से दूरी बनाने का फैसला किया है।हालांकि, IPL के नियमों के अनुसार आखिरी समय में नाम वापस लेने वाले विदेशी खिलाड़ियों पर कड़ी कार्रवाई हो सकती है। ऐसे में डकेट पर तीन साल तक IPL में हिस्सा लेने पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है, जो उनके T20 करियर के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है। इस फैसले ने जहां दिल्ली कैपिटल्स की रणनीति को प्रभावित किया है, वहीं यह भी साफ कर दिया है कि खिलाड़ियों के लिए अब इंटरनेशनल क्रिकेट और लीग क्रिकेट के बीच संतुलन बनाना कितना मुश्किल होता जा रहा है।
यह भी पढ़ें:
'रियान पराग को राजा की तरह ट्रीट किया जा रहा है'- RR के कप्तान बनाए जाने पर भड़के पूर्व भारतीय दिग्गज
IPL 2026: चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 सीटें हमेशा रहेंगी खाली, RCB ने इस वजह से लिया ये बड़ा फैसला