1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कैमरून ग्रीन ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे में किया बड़ा कारनामा

कैमरून ग्रीन ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे में किया बड़ा कारनामा

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Aug 25, 2025 08:08 am IST,  Updated : Aug 25, 2025 09:23 am IST

साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से कैमरून ग्रीन ने शानदार शतक लगाया। उन्होंने इस मैच में 55 गेंदों में नाबाद 118 रन बनाए।

Cameron Green- India TV Hindi
कैमरून ग्रीन Image Source : GETTY

ग्रेट बैरियर रीफ एरीना में खेले गए तीसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को 276 रनों से मात दी। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के टॉप-3 बल्लेबाजों ने शानदार शतक लगाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। कंगारू टीम की तरफ से ट्रैविस हेड, मिचेल मार्श और कैमरून ग्रीन ने शतकीय पारी खेली। कैमरून ग्रीन ने सेंचुरी लगाकर मैथ्यू हेडन का 18 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा है। दरअसल ग्रीन अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

कैमरून ग्रीन ने तोड़ा मैथ्यू हेडन का वर्ल्ड रिकॉर्ड

कैमरून ग्रीन ने तीसरे वनडे मैच में सिर्फ 47 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इससे पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड मैथ्यू हेडन के नाम था। उन्होंने 2007 में सेंट किट्स में सिर्फ 66 गेंदों में शतक लगाया था। इस मामले में तीसरे नंबर पर भारत के युसूफ पठान का नाम है। उन्होंने 2011 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 68 गेंदों में सेंचुरी ठोकी थी।

ग्रीन ने एक और रिकॉर्ड किया अपने नाम

इसके साथ ही ग्रीन ऑस्ट्रेलिया में सबसे तेज वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। वह पहले ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया में 50 या उससे कम गेंदों में सेंचुरी लगाई हो। उन्होंने इस मामले में ग्लेन मैक्सवेल का रिकॉर्ड तोड़ा है। ग्लेन मैक्सवेल ने 2015 में सिडनी में श्रीलंका के खिलाफ 51 गेंदों में शतक लगाया था।

AUS vs SA: ऑस्ट्रेलिया के टॉप तीन बल्लेबाजों ने लगाए शतक

मुकाबले की बात करें तो तीसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। मिचेल मार्श और ट्रैविस हेड की सलामी जोड़ी इस मैच में ऑस्ट्रेलिया को धमाकेदार शुरुआत देने में कामयाब रही। 34.1 ओवर में दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 250 रनों की साझेदारी की। हेड ने इस मैच में 103 गेंदों में 142 और मार्श ने 106 गेंदों में 100 रनों की पारी खेली। इसके बाद तीसरे विकेट के लिए ग्रीन और और जोस इंगलिस के बीच 81 गेंदों में 164 रन की पार्टनरशिप हुई। ग्रीन ने 55 गेंदों में नाबाद 118 रन बनाए, वहीं इंगलिस ने 37 गेंदों पर 50 रनों का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया की टीम 50 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 431 रन बनाने में कामयाब रही।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल