चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने IPL 2027 के लिए भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान को टीम का नया हेड कोच बनाया है। स्टीफन फ्लेमिंग के अपने पद से हटने के बाद यह जगह खाली थी। जहीर के पास IPL में कोचिंग का काफी अच्छा अनुभव है, जिसे देखते हुए टीम मैनेजमेंट ने उन पर भरोसा जताया है और उन्हें अपनी पसंद से नया कोचिंग स्टाफ चुनने की पूरी आजादी दी है। स्टीफन फ्लेमिंग ने जुलाई 2026 में हेड कोच का पद छोड़ दिया, वह 2008 से खिलाड़ी और कोच के रूप में टीम से जुड़े हुए थे।
एक साल के लिए हेड कोच बने हैं जहीर खान
चेन्नई सुपर किंग्स ने जहीर खान को केवल एक साल के लिए हेड कोच बनाया है, फिर भी उन्हें अपना कोचिंग स्टाफ चुनने की पूरी छूट दी है। अब यह जहीर पर निर्भर करता है कि वे पुरानी सपोर्ट टीम के साथ ही काम करना चाहते हैं, उसमें कुछ बदलाव करते हैं, या फिर पूरी नई कोचिंग टीम तैयार करते हैं। CSK के लिए पिछले कुछ साल आईपीएल में अच्छे नहीं रहे हैं। धोनी के कप्तानी छोड़ने और तीन साल पहले खिताब जीतने के बाद से टीम एक बार भी प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई है।
सीईओ काशी विश्वनाथन ने जहीर खान को लेकर क्या कहा?
सीएसके के सीईओ काशी विश्वनाथन ने ESPN क्रिकइंफो के हवाले से कहा कि जहीर खान का चुनाव किसी इंटरव्यू के बिना ही किया गया और वे तुरंत इस जिम्मेदारी को संभालने के लिए तैयार हो गए। हालांकि पुराने कोचिंग स्टाफ जैसे एरिक सिमंस और माइकल हसी का आगे क्या होगा, इस पर फ्रेंचाइजी ने अभी कुछ नहीं कहा है। लेकिन विश्वनाथन ने साफ कर दिया है कि जहीर खान को अपनी पसंद की पूरी कोचिंग टीम चुनने का अधिकार दिया गया है।
स्टीफन फ्लेमिंग के अंडर में पिछले कुछ सालों में टीम का प्रदर्शन रहा खराब
स्टीफन फ्लेमिंग 12 से भी ज्यादा सालों तक चेन्नई सुपर किंग्स और उनकी बाकी सिस्टर टीमों के हेड कोच रहे। लेकिन पिछले कुछ समय से टीम का प्रदर्शन लगातार गिर रहा था, जिसकी वजह से उन पर पद छोड़ने का दबाव बन रहा था और मैनेजमेंट ने भी उन्हें साफ इशारा दे दिया था। इसके बाद जब साउथ अफ्रीका टी-20, आईपीएल और मेजर लीग क्रिकेट जैसी टूर्नामेंट में भी टीम का खेल नहीं सुधरा, तो फ्लेमिंग ने खुद ही कोच पद से इस्तीफा दे दिया।
यह भी पढ़ें:
भारत बनाम जापान टी20 मुकाबला टीवी और मोबाइल पर कैसे देखें लाइव, अब सुबह बदलना पड़ेगा चैनल