1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के कोचिंग स्टाफ में कर्टनी वॉल्श की एंट्री, गेंदबाजी कोच हुए नियुक्त

जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के कोचिंग स्टाफ में कर्टनी वॉल्श की एंट्री, गेंदबाजी कोच हुए नियुक्त

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 01, 2026 09:11 pm IST,  Updated : Jul 01, 2026 09:11 pm IST

जिम्बाब्वे क्रिकेट ने वेस्टइंडीज के दिग्गज तेज गेंदबाज कर्टनी वॉल्श को मेन्स टीम का नया गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। T20 वर्ल्ड कप में कंसलटेंट के रूप में सफल कार्यकाल के बाद उन्हें स्थायी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Courtney Walsh- India TV Hindi
कर्टनी वॉल्श Image Source : AFP

जिम्बाब्वे क्रिकेट ने अपनी टीम को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। वेस्टइंडीज के महान तेज गेंदबाज कर्टनी वॉल्श को मेन्स क्रिकेट टीम का नया गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया है। बोर्ड ने 23 जून को हुई बैठक में इस फैसले पर मुहर लगाई थी, जिसकी आधिकारिक घोषणा 1 जुलाई को की गई। कर्टनी वॉल्श को कोचिंग का अच्छा-खासा अनुभव है। इससे पहले भी वह जिम्बाब्वे क्रिकेट के साथ काम कर चुके हैं।

कर्टनी वॉल्श इसी साल भारत और श्रीलंका में आयोजित ICC T20 वर्ल्ड कप के दौरान जिम्बाब्वे टीम के साथ कंसल्टेंट के रूप में जुड़े थे। उस टूर्नामेंट में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका जैसी मजबूत टीमों को हराकर अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया था। इसके बाद जिम्बाब्वे ने सुपर-8 में जगह बनाई और साथ ही 2028 T20 वर्ल्ड कप के लिए भी अपना स्थान सुनिश्चित किया। इसी प्रदर्शन को देखते हुए अब वॉल्श को स्थायी रूप से गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वॉल्श की गिनती दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों में होती है। वह टेस्ट में 9वें सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 132 टेस्ट मैचों में 519 विकेट चटकाने का कारनामा किया।

चामू चिभाभा को मिली नई जिम्मेदारी

जिम्बाब्वे क्रिकेट ने हेड कोच जस्टिन सैमन्स की अगुआई वाले कोचिंग स्टाफ पर भी भरोसा बरकरार रखा है। डियोन इब्राहिम असिस्टेंट बैंटिंग कोच के रूप में अपनी भूमिका निभाते रहेंगे, जबकि स्टुअर्ट मात्सिकेनयेरी फील्डिंग और लोअर ऑर्डर की बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे। इसके अलावा पूर्व ऑलराउंडर चामू चिभाभा को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। जिम्बाब्वे 'ए' और ईगल्स टीम के मैनेजर रहे चिभाभा अब सीनियर टीम मैनेजर दिलीप चौहान के साथ काम करेंगे। यह कदम भविष्य में टीम प्रबंधन की निरंतरता बनाए रखने की योजना का हिस्सा माना जा रहा है। वहीं, पूर्व कप्तान एल्टन चिगुम्बुरा को जिम्बाब्वे अंडर-19 मेन्स टीम का हेड कोच बरकरार रखा गया है।

जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश को चटाई धूल 

फिलहाल जिम्बाब्वे की टीम अपने घर में बांग्लादेश के खिलाफ तीनों फॉर्मेट की सीरीज खेल रही है। हरारे में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में जिम्बाब्वे ने पारी और 85 रन से ऐतिहासिक जीत दर्ज की, जो टेस्ट क्रिकेट में उसकी सबसे बड़ी जीत रही। यह मुकाबला नए कप्तान रिचर्ड नगारावा की कप्तानी में टीम का पहला टेस्ट भी था। 

यह भी पढ़ें 

वैभव सूर्यवंशी को लेकर इंग्लिश कप्तान ब्रूक ने किया बड़ा ऐलान, कहा - हमने उनके लिए बनाया है खास प्लान

जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश को हराकर रचा इतिहास, दर्ज की टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी जीत

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल