इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का कारवां अब चेन्नई पहुंच चुका है जहां पर लीग स्टेज का 7वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स की टीम के बीच में एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। सीएसके के लिए सीजन की शुरुआत बिल्कुल भी अच्छी नहीं रही जिसमें उन्हें अपने पहले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 8 विकेट से एकतरफा हार का सामना करना पड़ा था। वहीं पंजाब किंग्स को लेकर बात की जाए तो वह सीजन का आगाज जीत के साथ करने में कामयाब रहे जिसमें उन्होंने तीन विकेट से गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत हासिल की थी। अब इस मैच में जहां सीएसके की नजरें पहली जीत हासिल करने पर रहने वाली हैं तो वहीं पंजाब किंग्स की कोशिश लगातार दूसरी जीत हासिल कर प्वाइंट्स टेबल में पहले नंबर पर पहुंचा जा सके। ऐसे में इस मुकाबले की पिच को लेकर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
चेपॉक की पिच पर दिख सकता है बल्लेबाजों का जलवा
चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच में होने वाला ये मुकाबला चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां कि पिच को लेकर बात की जाए तो उसमें बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिल सकता है। यहां पर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के भी कुछ मुकाबले खेले गए थे, जिसमें 200 से अधिक का स्कोर बनते हुए देखने को मिला था। इसमें भारतीय टीम ने सुपर सिक्स के स्टेज में यहां पर जिम्बाब्वे की टीम के खिलाफ जो मुकाबला खेला था, उसमें उन्होंने 256 रनों तका स्कोर बनाया था। ऐसे में इस मैच में भी पिच बल्लेबाजी के लिए मुफीद दिख सकती है, जिसके चलते टॉस की भूमिका काफी अहम रहने वाली है। दूसरी पारी के दौरान ओस आने की भी उम्मीद है ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना चाहेगी ताकि बाद में ओस का फायदा उठाया जा सके।
यहां पर अब तक आईपीएल के कुल 91 मैच खेले गए हैं, जिसमें से पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम 51 मुकाबले जीतने में कामयाब रही है, जबकि टारगेट का पीछा करने वाली टीम ने 40 मैचों को जीता है। इसके अलावा पहली पारी के औसत स्कोर को लेकर देखा जाए तो वह 160 से 165 रनों के बीच में देखने को मिला है। हालांकि पहले के सीजन में चेपॉक की पिच काफी धीमी होती थी, जिसके चलते यहां पर टारगेट का पीछा करना हमेशा काफी मुश्किल रहा है। लेकिन अब चेन्नई की पिच को बदला गया है और ये बल्लेबाजी के लिए काफी बेहतर हो गई है।
पंजाब किंग्स का चेपॉक में है शानदार रिकॉर्ड
आईपीएल में पंजाब किंग्स की टीम का एमए चिदंबरम स्टेडियम में सीएसके के खिलाफ रिकॉर्ड देखा जाए तो वह अब तक काफी बेहतर देखने को मिला है। पंजाब किंग्स ने इस मैदान पर चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ कुल 9 मुकाबले खेले हैं जिसमें से वह 5 मैचों को जीतने में कामयाब रहे है, वहीं सीएसके की टीम 4 मैच ही जीत सकी है। पिछले तीन मैच पंजाब किंग्स ने सीएसके के खिलाफ जो इस मैदान पर खेले हैं उसमें वह जीत हासिल करने में कामयाब रहे हैं।
ये भी पढ़ें
अभिषेक शर्मा पर हो गया बड़ा एक्शन, आईपीएल ने क्यों ठोका बड़ा जुर्माना