1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. DC vs GT: केएल राहुल बनाम कगिसो रबाडा, दिल्ली और गुजरात के बीच मुकाबले में इन प्लेयर्स की बैटल पर रहेगी नजरें

DC vs GT: केएल राहुल बनाम कगिसो रबाडा, दिल्ली और गुजरात के बीच मुकाबले में इन प्लेयर्स की बैटल पर रहेगी नजरें

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Apr 08, 2026 03:37 pm IST,  Updated : Apr 08, 2026 03:37 pm IST

DC vs GT: आईपीएल 2026 सीजन का 14वां लीग मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस की टीम के बीच में खेला जाएगा। इसमें कुछ प्लेयर्स की बैटल को लेकर सभी की नजरें रहने वाली हैं।

KL Rahul And Kagiso Rabada- India TV Hindi
केएल राहुल और कगिसो रबाडा Image Source : AFP

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 14वां लीग मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस की टीम के बीच में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों ने अभी तक इस सीजन 2-2 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से अक्षर पटेल की कप्तानी में खेल रही दिल्ली कैपिटल्स जहां दोनों ही मैचों को जीतने में कामयाब रही है, तो वहीं गुजरात टाइटंस को अपने दोनों ही मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में इस मैच को लेकर सभी की नजरें रहने वाली हैं, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स की कोशिश अपनी जीत की लय को बरकरार रखने पर होगी तो वहीं गुजरात टाइटंस की टीम प्वाइंट्स टेबल में अपना खाता खोलना चाहेगी। इस मैच में कुछ प्लेयर्स की बैटल को लेकर भी नजरें रहने वाली हैं, जिनके प्रदर्शन से इस मैच का परिणाम काफी कुछ तय होने वाला है।

1 - केएल राहुल बनाम कगिसो रबाडा

दिल्ली कैपिटल्स टीम के सबसे अहम खिलाड़ी ओपनिंग बल्लेबाज केएल राहुल आईपीएल 2026 सीजन के शुरुआती दोनों ही मैचों में पूरी तरह से फ्लॉप रहे हैं, जिसमें कुल एक रन ही बनाने में कामयाब हो सके। ऐसे में उनके लिए ये मैच काफी अहम रहने वाला है, जिसमें उनके सामने कगिसो रबाडा सबसे बड़ी चुनौती रहेंगे। राहुल ने अब तक आईपीएल के इतिहास में अपने करियर में कगिसो रबाडा का 9 पारियों में सामना किया है जिसमें उन्हें तीन बार उनका शिकार बन चुके हैं। केएल राहुल ने अब तक कगिसो रबाडा की 46 गेंदों का सामना किया है, जिसमें वह 77 रन बनाने में कामयाब हो सके हैं और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 167.39 का देखने को मिला है।

2 - केएल राहुल बनाम प्रसिद्ध कृष्णा

गुजरात टाइटंस की टीम ने अभी तक आईपीएल के इस 19वें सीजन में शुरुआती दो मुकाबलों में प्रसिद्ध कृष्णा को पारी के बीच में गेंदबाजी करने की जिम्मेदारी सौंपी है। हालांकि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में उन्हें नई गेंद के साथ बॉलिंग देने पर गुजरात टाइटंस की टीम विचार कर सकती है, क्योंकि उनका रिकॉर्ड अब तक काफी बेहतर रहा है। प्रसिद्ध कृष्णा ने आईपीएल में केएल राहुल को 7 पारियों में गेंदबाजी की है, जिसमें से वह उनको तीन पारियों में आउट करने में कामयाब रहे हैं। प्रसिद्ध कृष्णा ने केएल राहुल को कुल 52 गेंदें फेंकी हैं और उसमें उन्होंने 72 रन दिए हैं।

3 - जोस बटलर और लुंगी एनगिडी

जोस बटलर की गिनती टी20 फॉर्मेट के मैच विनर बल्लेबाजों में की जाती है, जो अपने दिन पर अकेले मुकाबले को खत्म करने की क्षमता रखते हैं। बटलर को गुजरात टाइटंस की तरफ से इस सीजन नंबर-3 की पोजीशन पर मौका दिया जा रहा है, लेकिन वह दोनों ही मैचों में कोई कमाल दिखा पाने में कामयाब नहीं हो सके हैं। यदि गुजरात टाइटंस की टीम शुरुआती ओवर्स में जल्दी विकेट गंवाती है तो उस स्थिति में बटलर और लुंगी एनगिडी के बीच होने वाले मुकाबले पर सभी की नजरें रहने वाली हैं। अभी तक टी20 क्रिकेट में दोनों का आमना-सामना 10 पारियों में हो चुका है, जिसमें से जोस बटलर तीन बार लुंगी एनगिडी का शिकार बने हैं। इस दौरान उन्होंने 41 गेंदों का सामना करते हुए 66 रन भी बनाए हैं।

ये भी पढ़ें

DC vs GT: कौन सी टीम जीतेगी आज का मुकाबला, बारिश हुई तो किसे होगा फायदा

Delhi Weather Today: आज DC vs GT मैच पर भी संकट के बादल, दिल्ली में बारिश की संभावना

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल