IPL 2026 के आगाज से पहले कई टीमें टेंशन में हैं। कई विदेशी खिलाड़ियों के IPL 2026 में खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है। दिल्ली कैपिटल्स भी इसी चिंता में है, क्योंकि उनके स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क शुरुआती मैचों से बाहर रह सकते हैं। जानकारी के मुताबिक, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया स्टार्क के वर्कलोड पर नजर रखे हुए है, जिसके चलते उन्हें अभी तक NOC यानी नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट नहीं मिला है। दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच हेमंग बदानी ने साफ कहा कि टीम अभी भी NOC का इंतजार कर रही है।
NOC को लेकर सस्पेंस
उन्होंने कहा कि हम क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से NOC का इंतजार कर रहे हैं। जब तक हमें यह नहीं मिलता, तब तक स्टार्क की उपलब्धता पर कुछ भी कहना मुश्किल है। वहीं टीम के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट वेणुगोपाल राव ने भी माना कि स्टार्क की फिटनेस एक चिंता का विषय बनी हुई है। उन्होंने कहा कि स्टार्क आएंगे, लेकिन हम NOC का इंतजार कर रहे हैं क्योंकि उनकी फिटनेस चिंता का कारण है।
मिचेल स्टार्क पिछले सीजन में दिल्ली के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। उन्होंने 11 मैचों में 14 विकेट लिए थे और IPL 2025 मेगा ऑक्शन में 11.75 करोड़ रुपये में खरीदे जाने के बाद टीम ने उन्हें रिटेन भी किया था। हालांकि, टीम के कप्तान अक्षर पटेल ने उम्मीद जताई कि स्टार्क को 1 अप्रैल से पहले NOC मिल सकता है और वह पहले मैच से भी उपलब्ध हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय लेफ्ट-आर्म पेसर टी नटराजन जैसा विकल्प ढूंढना आसान नहीं है।
DC 1 अप्रैल को खेलेगी अपना पहला मैच
दिल्ली कैपिटल्स अपने IPL 2026 अभियान की शुरुआत 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ एकाना क्रिकेट स्टेडियम में करेगी। बता दें, स्टार्क अकेले ऐसे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी नहीं हैं जिनकी उपलब्धता पर संशय बना हुआ है। RCB की टीम का हिस्सा जोश हेजलवुड और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने वाले पैट कमिंस भी शुरुआती मुकाबलों से बाहर रहेंगे। कुमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान किशन टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। वहीं, जैक एडवर्ड्स (SRH) और नाथन एलिस चोट (CSK) के कारण पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं। IPL 2026 के शुरू होने से पहले ही विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता बड़ा मुद्दा बनती जा रही है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि मिचेल स्टार्क कब तक टीम से जुड़ते हैं।
यह भी पढ़ें
ODI World Cup 2027: रोचक हो गई है अब जंग, क्या 2 बार की चैंपियन टीम हो जाएगी बाहर
आईपीएल मैच शुरू होने का सही वक्त नोट कीजिए, नहीं तो छूट जाएगा मुकाबला