1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जीत के बाद दिल्ली कैपिटल्स को तगड़ा फायदा, WPL 2025 की Points Table में कर लिया टॉप

जीत के बाद दिल्ली कैपिटल्स को तगड़ा फायदा, WPL 2025 की Points Table में कर लिया टॉप

 Written By: Govind Singh
 Published : Feb 28, 2025 11:53 pm IST,  Updated : Mar 01, 2025 12:32 am IST

दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच जीत लिया है और इसी के साथ वह WPL 2025 की प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है।

दिल्ली कैपिटल्स बनाम मुंबई इंडियंस की टीम- India TV Hindi
दिल्ली कैपिटल्स बनाम मुंबई इंडियंस की टीम Image Source : AP

WPL 2025 में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने मुंबई इंडियंस को 9 विकेट से धमाकेदार अंदाज में हरा दिया। इस मैच में दिल्ली के लिए मेग लैनिंग ने कप्तानी पारी खेली और अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई। दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान मेग लैनिंग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो सही साबित हुआ। मुंबई की टीम 20 ओवर्स में सिर्फ 123 रन ही बना सकी। इसके बाद दिल्ली ने एक विकेट खोकर इस लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। मैच जीतने से दिल्ली कैपिटल्स को फायदा हुआ है। 

पहले नंबर पर दिल्ली कैपिटल्स की टीम

मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत दर्ज करने के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स की टीम प्वाइंट्स टेबल में पहले नंबर पर पहुंच गई है। दिल्ली की टीम ने अभी तक 6 मैच खेले हैं, जिसमें से चार में जीत हासिल की है और दो मैच हारे हैं। उसके इस समय 8 अंक हैं और उसका नेट रन रेट प्लस 0.201 है। दूसरे नंबर पर मुंबई इंडियंस की टीम है। उसने अभी तक 5 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से तीन जीते और दो हारे हैं। 6 अंकों के साथ उसका नेट रन रेट प्लस 0.166 है। आरसीबी की टीम चौथे, यूपी वॉरियर्स की टीम पांचवें और गुजरात जायंट्स की टीम आखिरी पायदान पर है। तीनों ही टीमों के एक समान चार-चार अंक हैं। 

मेग लैनिंग ने लगाया शानदार अर्धशतक

दिल्ली कैपिटल्स के लिए शेफाली वर्मा और मेग लैनिंग ने 83 रनों की ओपनिंग साझेदारी की। इन प्लेयर्स ने ही दिल्ली की टीम के लिए जीत की नींव रख दी। इसके बाद मेग लैनिंग ने 49 गेंदों में 60 रनों की पारी खेली और 9 चौके लगाए। वह अंत तक आउट नहीं हुईं। उनके अलावा शेफाली ने 43 रनों का योगदान दिया। जेमिमा रोड्रिगेज ने 15 रन बनाए। इन प्लेयर्स की वजह से ही दिल्ली की टीम मैच जीतने में सफल रही। 

मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी रहीं फ्लॉप

मुंबई इंडियंस के लिए कोई भी प्लेयर टिक कर बैटिंग नहीं कर पाई। टीम के हेले मैथ्यूज ने 22 रन और हरमनप्रीत कौर ने 22 रन बनाए। इन दोनों ही प्लेयर्स को अच्छी शुरुआत मिली थी, लेकिन वह इसे बड़ी पारियों में नहीं बदल पाई। अमेलिया केर और अमनजोत कौर ने 17-17 रन बनाए। 20 ओवर्स के बाद मुंबई इंडियंस की टीम सिर्फ 123 रन ही बना सकी। दिल्ली कैपिटल्स के लिए मिन्नू मानी ने सबसे ज्यादा तीन विकेट हासिल किए। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल