बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर दुनिथ वेलालगे को एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) राइजिंग स्टार्स T20 टूर्नामेंट के लिए श्रीलंका ए टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। यह टूर्नामेंट इस महीने के अंत में दोहा (कतर) में खेला जाएगा। श्रीलंका ए टीम में कई युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जिनमें लेग स्पिनर विजयकांत वियासकंठ और सहान अराच्चिगे, ऑलराउंडर मिलन रत्नायके और रमेश मेंडिस, टॉप ऑर्डर बल्लेबाज नुवानिदु फर्नांडो और निशान मादुश्का, तथा तेज गेंदबाज प्रमोद मदुशन शामिल हैं।
टीम में एक से बढ़कर एक स्टार
इस स्क्वॉड के अधिकांश खिलाड़ियों की सीनियर टीम में स्थायी जगह नहीं है, लेकिन वेलालगे, नुवानिदु और मादुश्का पिछले कुछ महीनों में श्रीलंका की ODI या T20 टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रत्नायके ने भी जून में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेला था, जबकि मदुशन ने 2024 के बाद से श्रीलंका के लिए कोई मैच नहीं खेला है।
टीम में 20 साल के विषेन हालंबागे को भी शामिल किया गया है, जिन्हें हाल ही में श्रीलंका की सीनियर टीम में बुलाया गया था, लेकिन अभी तक उन्होंने डेब्यू नहीं किया है। वहीं रमेश मेंडिस ने फरवरी 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी टेस्ट खेला था। 23 साल के विजयकांत वियासकंठ पिछले कुछ सालों से राष्ट्रीय टीम के दरवाजे पर दस्तक दे रहे हैं, लेकिन वानिंदु हसरंगा और जेफ्री वांडरसे की मौजूदगी के कारण उन्हें अब तक ज्यादा मौके नहीं मिले। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन जारी रखा है, खासकर हाल ही में खेले गए SLC T20 टूर्नामेंट में, जो इस साल लंका प्रीमियर लीग (LPL) के स्थगित होने के बाद श्रीलंका का सबसे बड़ा T20 घरेलू टूर्नामेंट था।
राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए श्रीलंका ए टीम: दुनिथ वेलालगे (कप्तान), विषेन हालंबागे, निशान मादुश्का (विकेटकीपर), नुवानिदु फर्नांडो, लसिथ क्रूसपुल्ले, रमेश मेंडिस, काविंदु डे लिवेरा, साहन अराच्चिगे, अहन विक्रमसिंघे, प्रमोद मदुशन, गरुका संकेथ, इसिथा विजेसुंदरा, मिलन रत्नायके, विजयकांत वियासकंठ, त्रवीन मैथ्यू।
श्रीलंका ए टीम अपने ग्रुप में अफगानिस्तान ए, हांगकांग ए और बांग्लादेश ए से भिड़ेगी, जबकि ग्रुप बी में भारत ए, पाकिस्तान ए, ओमान और यूएई शामिल हैं। हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।
ACC राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2025 का शेड्यूल
- 14 नवंबर: ओमान बनाम पाकिस्तान, भारत बनाम यूएई
- 15 नवंबर: बांग्लादेश बनाम हांगकांग, अफगानिस्तान बनाम श्रीलंका
- 16 नवंबर: ओमान बनाम यूएई, भारत बनाम पाकिस्तान
- 17 नवंबर: हांगकांग बनाम श्रीलंका, अफगानिस्तान बनाम बांग्लादेश
- 18 नवंबर: पाकिस्तान बनाम यूएई, भारत बनाम ओमान
- 19 नवंबर: अफगानिस्तान बनाम हांगकांग, बांग्लादेश बनाम श्रीलंका
- 21 नवंबर: सेमीफाइनल (A1 बनाम B2, B1 बनाम A2)
- 23 नवंबर: फाइनल
यह भी पढ़ें:
क्रिकेट जगत में मचा हड़कंप! तेज गेंदबाज ने कप्तान पर लगाया जूनियर खिलाड़ियों को पीटने का आरोप
बीसीसीआई ने किया इंडिया ए के स्क्वाड का ऐलान, इस खिलाड़ी को मिली टीम की कमान