1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ऑस्ट्रेलिया दौरे पर इंग्लैंड खेलेगा 50 ओवर का प्रैक्टिस मैच, पिछली गलती से लिया सबक

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर इंग्लैंड खेलेगा 50 ओवर का प्रैक्टिस मैच, पिछली गलती से लिया सबक

 Written By: Vanson Soral
 Published : Oct 05, 2026 09:03 am IST,  Updated : Oct 05, 2026 09:03 am IST

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर इस बार इंग्लैंड की टीम पिछली गलती दोहराने के मूड में नहीं है। एशेज से पहले पर्थ में कमजोर तैयारी को लेकर आलोचना झेलने वाली इंग्लैंड ने अब ODI सीरीज से पहले बाकायदा 50 ओवर का प्रैक्टिस मैच खेलने का फैसला किया है।

England Cricket Team- India TV Hindi
इंग्लैंड क्रिकेट टीम Image Source : AFP

इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया दौरे की तैयारी के लिए इस बार पुख्ता इंतजाम किए हैं। इंग्लैंड की टीम अगले महीने ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी। दोनों टीमों के बीच सबसे पहले ODI सीरीज खेली जाएगी। इससे पहले इंग्लिश टीम 7 नवंबर को पर्थ के ऐतिहासिक WACA मैदान पर वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया XI के खिलाफ 50 ओवर का प्रैक्टिस मुकाबला खेलेगी। यह मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन ODI मैचों की सीरीज शुरू होने से 6 दिन पहले होगा। पिछले दौरे से सबक लेते हुए इंग्लैंड ने इस बार प्रैक्टिस मैच खेलने का फैसला किया है। इससे पहले जब इंग्लिश टीम ने ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था, तो कोई प्रैक्टिस मैच नहीं खेला था, जिसके बाद टीम पर कई सवाल उठे थे। बता दें, 2017-18 में जब इंग्लैंड ने WACA में पिछली बार टूर मैच खेला था, तब मॉरिस और वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के शील्ड कप्तान आरोन हार्डी ने इंग्लैंड का सामना किया था। उस मुकाबले में टिम डेविड, जोश फिलिप और नाथन कूल्टर-नाइल भी शामिल थे।

13 नवंबर से होगा दौरे का आगाज

दरअसल, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला ODI 13 नवंबर को पर्थ स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद 15 नवंबर को एडिलेड और 18 नवंबर को होबार्ट में मुकाबले होंगे। इसके बाद दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की T20 सीरीज होगी, जो 21 नवंबर से 2 दिसंबर तक चलेगी। हालांकि, इंग्लैंड अपने कुछ टेस्ट स्पेशलिस्ट खिलाड़ियों को T20 सीरीज से आराम दे सकता है, क्योंकि इसके बाद टीम को साउथ अफ्रीका के टेस्ट दौरे की तैयारी करनी है।

ऑस्ट्रेलिया के सामने भी खिलाड़ियों के वर्कलोड को संभालने की चुनौती होगी। साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन टेस्ट की सीरीज 31 अक्टूबर को समाप्त होगी, जबकि 9 दिसंबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज शुरू होनी है। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट खिलाड़ियों को लिमिटेड ओवर्स मुकाबलों में सीमित इस्तेमाल किए जाने की संभावना है।

कोच ने अपनाई अलग रणनीति

इंग्लैंड ने पिछले साल एशेज दौरे से पहले पर्थ में उचित अभ्यास मैच नहीं खेलने को लेकर आलोचना झेली थी। तब टीम ने पर्थ के लिलैक हिल के क्लब मैदान की धीमी पिच पर इंट्रा-स्क्वाड मैच खेला था। इसके बाद इंग्लैंड की टीम पर्थ स्टेडियम में शुरुआती टेस्ट में दो दिन के भीतर हार गई थी। इस बार इंग्लैंड के सफेद गेंद के कोच ब्रेंडन मैकुलम ने अलग रणनीति अपनाई है। इंग्लिश टीम वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया XI से टक्कर लेती नजर आएगी। इंग्लैंड की कोशिश इस अभ्यास मैच के जरिए ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों में खुद को ढालने और ODI सीरीज से पहले अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने की होगी।

यह भी पढ़ें:

पाकिस्तानी ऑलराउंडर ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा, मां के नक्शेकदम पर चलने का किया फैसला

वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर को मिली कप्तानी, 18 की उम्र में संभालेंगे दिल्ली की कमान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।