पाकिस्तान ने ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत जीत के साथ तो की, लेकिन टीम के प्रदर्शन ने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। 7 फरवरी को कोलंबो में खेले गए ग्रुप-A के मुकाबले में पाकिस्तान ने नीदरलैंड को बेहद रोमांचक मुकाबले में तीन विकेट से हराया, लेकिन जीत के बावजूद पाकिस्तान की बल्लेबाजी आलोचनाओं के घेरे में आ गई है। खासतौर पर टीम के मिडिल ऑर्डर ने पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर बासित अली को खासा नाराज कर दिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नीदरलैंड की टीम को पाकिस्तान के गेंदबाजों ने 147 रन पर रोक दिया। सलमान मिर्जा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके और डच बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। लक्ष्य ज्यादा बड़ा नहीं था और माना जा रहा था कि पाकिस्तान इसे आसानी से हासिल कर लेगा, लेकिन नीदरलैंड के गेंदबाजों ने मैच को रोमांचक बना दिया।
ओपनर साहिबजादा फरहान ने 31 गेंदों में 47 रन की तेज पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दी, लेकिन इसके बाद मैच का रुख अचानक बदल गया। नीदरलैंड के गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालते हुए पाकिस्तान के कमजोर मिडिल ऑर्डर की पोल खोलकर रख दी। हालात ऐसे बन गए कि आखिरी दो ओवरों में पाकिस्तान को 29 रन चाहिए थे और हाथ में सिर्फ तीन विकेट बचे थे। 19वें ओवर में फहीम अशरफ को एक बड़ा जीवनदान मिला, जब मैक्स ओ’डाउड ने उनका कैच छोड़ दिया। यही पल मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। फहीम अशरफ ने उसी ओवर में 24 रन ठोक दिए और मैच पूरी तरह पाकिस्तान की पकड़ में आ गया। फहीम ने संयम दिखाते हुए टीम को तीन गेंद शेष रहते जीत दिला दी।
इस जीत के बाद भी पाकिस्तान की बल्लेबाजी बासित अली को बिल्कुल रास नहीं आई। उन्होंने ‘गेम प्लान’ शो में तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पाकिस्तान बच गया भाई। जब शाहिद अफरीदी जैसे गेंदबाज को बल्लेबाजी के लिए बुलाना पड़े, तो आप समझ सकते हैं कि टीम की हालत क्या थी। मिडिल ऑर्डर ने बेहद खराब बल्लेबाजी की, खासकर बाबर आजम, नवाज और शादाब खान जैसे अनुभवी खिलाड़ी पूरी तरह फ्लॉप रहे। आज ये हीरो नहीं बने, बल्कि जीरो साबित हुए।
बासित अली यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान टीम में मैच विनर कौन है? फैंस खुश हो जाते हैं कि विकेट गिरा तो बाबर आएंगे, लेकिन बाबर आते हैं और चले जाते हैं। आज पाकिस्तान के लिए स्टार नंबर-8 पर आए फहीम अशरफ थे। बाकी बल्लेबाज क्या चनेफली बेच रहे थे?
यह भी पढ़ें:
T20 World Cup: टीम को लगा तगड़ा झटका, पहले ही मैच में बाहर हो गया कप्तान, अब आगे क्या होगा?
IND vs PAK मैच का बहिष्कार सिर्फ एक ड्रामा? ICC के साथ मीटिंग में पाकिस्तान ने रखी ये 3 बड़ी डिमांड
संपादक की पसंद