1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान की बिग बैश लीग में 11 साल बाद वापसी, निभाएंगे ये अहम जिम्मेदारी

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान की बिग बैश लीग में 11 साल बाद वापसी, निभाएंगे ये अहम जिम्मेदारी

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 02, 2026 02:46 pm IST,  Updated : Jun 02, 2026 02:46 pm IST

बिग बैश लीग में इंग्लैंड के महान ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ की वापसी हो गई है। हालांकि, इस बार वह कोच की भूमिका में नजर आएंगे। उन्हें सिडनी थंडर का हेड कोच नियुक्त किया गया है।

Andrew Flintoff - India TV Hindi
एंड्रयू फ्लिंटॉफ Image Source : AFP

क्रिकेट के मैदान पर अपने दमदार ऑलराउंड प्रदर्शन से वाहवाही बटोरने वाले इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ अब कोचिंग की दुनिया में नया अध्याय शुरू करने जा रहे हैं। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान फ्लिंटॉफ को सिडनी थंडर ने अपनी मेन्स टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। यह उनके कोचिंग करियर का अब तक का सबसे बड़ा और सबसे अहम कदम माना जा रहा है।

48 साल के फ्लिंटॉफ ने सिडनी थंडर के साथ दो साल का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है और वह पहली बार यूनाइटेड किंगडम के बाहर किसी टीम के हेड कोच की भूमिका निभाएंगे। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने 11 साल से ज्यादा समय पहले बिग बैश लीग में ब्रिसबेन हीट के लिए खिलाड़ी के रूप में हिस्सा लिया था।

ट्रेवर बेलिस की जगह संभालेंगे जिम्मेदारी

फ्लिंटॉफ अब ट्रेवर बेलिस  की जगह लेंगे, जिनसे क्लब ने फरवरी में पांच सीजन के बाद अलग होने का फैसला किया था। पिछले सीजन सिडनी थंडर का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था। टीम सिर्फ दो मुकाबले जीत सकी और तीन सीजन में दूसरी बार अंतिम स्थान पर रही। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस पद के लिए पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों शेन वॉटसन और डैन क्रिश्चियन के नाम भी चर्चा में थे, लेकिन आखिरकार सिडनी थंडर ने फ्लिंटॉफ पर भरोसा जताया।

फ्लिंटॉफ ने जताई खुशी

हेड कोच बनने के बाद अपने पहले इंटरव्यू में फ्लिंटॉफ ने कहा कि जब सिडनी थंडर को कोचिंग देने का अवसर सामने आया, तो जाहिर तौर पर वह उत्साहित हो गया। उन्होंने आगे कहा कि आप बड़े होते हुए टीवी पर सिडनी को देखते हैं। कभी नहीं सोचते कि वहां जाने का मौका मिलेगा, और बिग बैश में सिडनी थंडर का हेड कोच बनने का मौका तो बिल्कुल भी नहीं। 1998 में महज 20 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने इंग्लैंड के लिए तीनों फॉर्मेट में 227 इंटरनेशनल मैच खेले। वह टेस्ट और ODI दोनों फॉर्मेट में इंग्लैंड की कप्तानी भी कर चुके हैं। 2005 की ऐतिहासिक एशेज सीरीज में उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया था। टेस्ट क्रिकेट में फ्लिंटॉफ ने 3845 रन बनाए और 226 विकेट हासिल किए। इसी वजह से उन्हें इंग्लैंड के महानतम ऑलराउंडरों में शामिल किया जाता है।

यह भी पढ़ें:

IND vs AFG Test: किस चैनल पर देख पाएंगे भारत बनाम अफगानिस्तान टेस्ट मैच LIVE, कहीं गलती मत कीजिएगा

वैभव सूर्यवंशी के लिए BCCI ने खोले दरवाजे? अजीत अगरकर को मिला साफ संदेश, कहा- जो जरूरी हो वो करो

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल