श्रीलंका दौरे से पहले भारतीय क्रिकेट टीम की तैयारियों को चोटों ने बड़ा झटका दिया है। एक ओर टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी WTC के अहम मुकाबलों की तैयारी में जुटी है, तो दूसरी ओर उसके कई स्टार खिलाड़ी फिटनेस की जंग लड़ रहे हैं। जसप्रीत बुमराह से लेकर वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पांड्या तक कई अहम खिलाड़ी चोट के कारण मैदान से दूर हैं। ऐसे में कप्तान शुभमन गिल और टीम मैनेजमेंट के सामने मजबूत कॉम्बिनेशन तैयार करना बड़ी चुनौती बन गया है।
सबसे बड़ा झटका तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के रूप में लगा है। इंग्लैंड दौरे के दौरान लगी चोट के कारण वह श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। इसी चोट के चलते वह लॉर्ड्स में खेले गए अंतिम ODI में भी नहीं उतर सके थे। BCCI ने पुष्टि की है कि बुमराह के बाएं घुटने में चोट है और उनकी जगह जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को टीम में शामिल किया गया है।
चोट से जूझ रहे स्टार ऑलराउंडर
ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर भी फिटनेस समस्या से जूझ रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ कार्डिफ में खेले गए दूसरे ODI के दौरान उन्हें हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। बल्लेबाजी के दौरान असहज महसूस करने के बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा और बाद में BCCI ने साफ कर दिया कि वह श्रीलंका दौरे के पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।
युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी भी श्रीलंका दौरे से बाहर हो गए हैं। उन्हें बाएं पैर की क्वाड्रिसेप्स मांसपेशी में चोट लगी थी। यह परेशानी अफगानिस्तान के खिलाफ पहले ODI दौरान शुरू हुई, जिसके बाद उन्हें दूसरे मैच में आराम दिया गया। हालांकि, चेन्नई में खेले गए तीसरे ODI में उनकी चोट और गंभीर हो गई।
हर्षित राणा की वापसी में हो रही देरी
तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने घुटने की चोट के कारण T20 वर्ल्ड कप और IPL 2026 मिस किया था। आयरलैंड दौरे पर उन्होंने वापसी की, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे T20I के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट का शिकार हो गए, जिससे उनका कमबैक फिर अधूरा रह गया। स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की मुश्किलें भी कम नहीं हुई हैं। IPL के दौरान बाएं पैर में हेयरलाइन फ्रैक्चर से उबरने के बाद उन्होंने वापसी की थी, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे T20 में उन्हें भी हैमस्ट्रिंग की चोट लग गई।
वहीं, स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या IPL 2026 के बाद से ही मैदान से दूर हैं। इस सीजन उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए 14 में से सिर्फ 10 मुकाबले खेले थे। पीठ में ऐंठन और बाद में क्वाड्रिसेप्स चोट के कारण वह इंग्लैंड के खिलाफ ODI सीरीज भी नहीं खेल सके। फिलहाल वह रिहैब से गुजर रहे हैं। लगातार बढ़ती चोटों ने भारतीय टीम की योजनाओं पर असर डालना शुरू कर दिया है। आगामी महीनों में भारत को श्रीलंका, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ महत्वपूर्ण सीरीज खेलनी हैं। ऐसे में टीम मैनेजमेंट की सबसे बड़ी चुनौती खिलाड़ियों को फिट रखना और मजबूत बेंच स्ट्रेंथ के साथ लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगी।
यह भी पढ़ें:
UAE में खेला जा सकता है महिला एशिया कप, 8 टीमें लेंगी हिस्सा, जल्द होगी आधिकारिक घोषणा