1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पंजाब से बाहर होगा ये खिलाड़ी, टीम की कमजोर कड़ी, बीच सीजन हो गया खेल

पंजाब से बाहर होगा ये खिलाड़ी, टीम की कमजोर कड़ी, बीच सीजन हो गया खेल

 Published : Apr 30, 2025 07:51 pm IST,  Updated : Apr 30, 2025 07:51 pm IST

आईपीएल के बीच में पंजाब किंग्स के ग्लेन मैक्सवेल बाहर होने वाले हैं। उनकी उंगली में फ्रेक्चर हो गया है, इसलिए जल्द ही उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान किया जा सकता है।

glenn maxwell- India TV Hindi
ग्लेन मैक्सवेल Image Source : PTI

आईपीएल के बीच में भी खिलाड़ियों के बाहर होने का सिलसिला अभी जारी है। अब पंजाब किंग्स की बारी है। टीम से एक खिलाड़ी का बाहर होना करीब करीब तय है, हालांकि टीम ने अभी तक इसका ऐलान नहीं किया है। वैसे इस खिलाड़ी के बाहर जाने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा, क्योंकि अभी तक यही टीम के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द बना हुआ था। हम बात कर रहे हैं ग्लेन मैक्सवेल की, जिनको बाहर होने को लेकर जल्द ही आधिकारिक ऐलान किया जा सकता है। 

ग्लेन मैक्सवेल की उंगली में हुआ फ्रेक्चर

चेन्नई और पंजाब के बीच मुकाबले में जब पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर मैदान पर आए तो उन्होंने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया। जब उनसे प्लेइंग इलेवन को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने बताया कि ग्लेन मैक्सवेल ये मैच नहीं खेल रहे हैं। उनकी उंगली में फ्रेक्चर हुआ है, साथ ही उन्होंने बताया कि अभी तक उनके रिप्लेसमेंट का फैसला नहीं लिया गया है। इसका मतलब ये है कि मैक्सवेल अब बचे हुए मैच भी नहीं खेल पाएंगे, क्योंकि खिलाड़ी का रिप्लेसमेंट तब लिया जाता है, जब वह पूरे सीजन से बाहर हो जाता है। हालांकि अभी पंजाब ने उनके बाहर होने का ऐलान तो नहीं किया है, लेकिन उनका बाहर होना करीब करीब तय है। हो सकता है कि जब रिप्लेसमेंट की घोषणा हो, तब इसको लेकर तस्वीर साफ की जाए। 

मोटी रकम देकर पंजाब ने मैक्सवेल को खरीदा है

पंजाब किंग्स ने ग्लेन मैक्सवेल को 4.20 करोड़ की मोटी रकम देकर अपने पाले में किया था, लेकिन अभी तक मैक्सवेल अपनी छाप नहीं छोड़ पाए हैं, जिसकी चर्चा की जाए। इस सीजन अब तक 7 मुकाबले खेलकर ग्लेन मैक्सवेल केवल 48 रन ही बना सके हैं। उनका औसत 12.25 का है और वे 98 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने इस सीजन अब तक केवल 5 चौके और एक छक्का लगाया है। इससे समझा जा सकता है कि मैक्सवेल अपनी टीम के लिए क्या कर रहे हैं। वे टीम की सबसे कमजोर कड़ी साबित हो रहे हैं और उनके जाने से टीम को फायदा ही होगा। क्या पता दूसरा खिलाड़ी जो रिप्लेसमेंट के तौर पर आए, वो मैक्सवेल से ज्यादा अच्छा खेल दिखा जाए। देखना होगा कि पंजाब की टीम इस मामले को लेकर पत्ते कब तक खोलती है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल