1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. फैंस के विरोध के बाद हैम्पशायर ने न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर को टीम से हटाया, रेप का लगा था आरोप

फैंस के विरोध के बाद हैम्पशायर ने न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर को टीम से हटाया, रेप का लगा था आरोप

 Written By: Vanson Soral
 Published : Sep 02, 2026 05:15 pm IST,  Updated : Sep 02, 2026 05:15 pm IST

हैम्पशायर क्लब ने घोषणा की है कि न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर स्कॉट कुगलेइन उनकी टीम की ओर से नहीं खेलेंगे। स्कॉट कुगलेइन पर साल 2015 में रेप का आरोप लगा था।

Hampshire- India TV Hindi
स्कॉट कुगलेइन Image Source : AFP

इंग्लैंड से बड़ी खबर सामने आई है। इंग्लैंड के काउंटी क्लब हैंपशायर ने न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर स्कॉट कुगलेइन को टीम से हटा दिया है। हैंपशायर ने हाल ही में स्कॉट कुगलेइन को अपनी टीम में शामिल किया था। क्लब ने वार्विकशायर के खिलाफ काउंटी चैंपियनशिप मैच के लिए 15-सदस्यीय टीम में शामिल किए जाने के एक दिन बाद ही यह बड़ा कदम उठाया। फैंस की नाराजगी के बाद क्लब ने यह फैसला लिया।

स्कॉट कुगलेइन के हैंपशायर में शामिल होने पर सोशल मीडिया पर काफी गुस्सा देखने को मिला था, जिसके बाद क्लब ने 2 सितंबर को एक बयान जारी किया, जिसमें पुष्टि की गई कि कुगलेइन अब क्लब का प्रतिनिधित्व नहीं करेंगे। उन्हें काउंटी चैंपियनशिप के अंतिम 4 मैचों के लिए क्लब में शामिल होना था।

क्लब ने जारी किया बयान

क्लब ने अपने बयान में कहा कि अपने स्टाफ और फैंस की राय पर विचार करने के बाद हैम्पशायर क्रिकेट यह पुष्टि कर सकता है कि स्कॉट कुगलेइन क्लब का प्रतिनिधित्व नहीं करेंगे। हम अपने फैन्स के जोश की कद्र करते हैं और उन सभी का शुक्रिया अदा करते हैं जिन्होंने अपने विचार शेयर करने के लिए समय निकाला। अब हमारा ध्यान सीजन के आखिरी चार काउंटी चैंपियनशिप मैचों में टीम का साथ देने पर है। हम सभी से अपील करते हैं कि वे टीम का सपोर्ट करने के लिए एकजुट हों, क्योंकि हम इस कैंपेन के एक अहम पड़ाव पर पहुंच रहे हैं।

2024 में खेला था आखिरी मैच

गौरतलब है कि स्कॉट कुगलेइन पर साल 2015 में रेप का आरोप लगा था। उन पर 2 बार मुकदमा चला था। पहला मुकदमा 2016 में बिना किसी नतीजे के खत्म हुआ और एक साल बाद 2017 में दूसरे मुकदमे में उन्हें बरी कर दिया गया। 2023 में भी ऐसा ही विरोध देखने को मिला, जब न्यूजीलैंड की टीम ने उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में खेलने का मौका दिया। उस समय न्यूजीलैंड के कोच गैरी स्टेड ने कुगलेइन को टीम में शामिल करने के फैसले का बचाव किया था। उन्हें चोटिल काइल जैमीसन की जगह टीम में लिया गया था। 34 साल के स्कॉट ने न्यूजीलैंड की ओर से 3 टेस्ट मैच, 2 ODI और 18 T20I मैच खेले हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच मार्च 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेला था।

यह भी पढ़ें:

माइकल हसी ने ठुकराया इंग्लैंड का ऑफर, टेस्ट टीम का बैटिंग कोच बनने से किया इनकार

ICC Rankings में फिर उलटफेर, जो रूट और शुभमन गिल को नुकसान, बाबर आजम को जबरदस्त घाटा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल