Mumbai Indians: IPL 2026 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और 28 मार्च से शुरू होने वाले इस मेगा टूर्नामेंट से पहले टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग इलेवन और टीम कॉम्बिनेशन को लेकर बड़ा बयान दिया है।
डी कॉक और रिकेल्टन का साथ खेलना मुश्किल
दरअसल, इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से पहले हरभजन सिंह ने मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी लाइन-अप को लेकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि टीम के लिए एक साथ रयान रिकेल्टन और क्विंटन डी कॉक को प्लेइंग इलेवन में शामिल करना मुश्किल होगा। हरभजन के मुताबिक, टीम इनमें से किसी एक को ही मौका दे सकती है। उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में कहा कि दोनों खिलाड़ियों को टॉप ऑर्डर में साथ खिलाना आसान नहीं होगा, क्योंकि टीम में पहले से कई भारतीय बल्लेबाज मौजूद हैं।
रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग की संभावना
हरभजन ने कहा कि मुंबई इंडियंस के लिए ओपनिंग लगभग तय है। उनके अनुसार रोहित शर्मा पारी की शुरुआत करेंगे और उनके साथ या तो रयान रिकेल्टन या फिर क्विंटन डी कॉक में से कोई एक बल्लेबाजी करेगा। इसके बाद टीम के पास मिडिल ऑर्डर में कई मजबूत विकल्प मौजूद हैं, जिनमें सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा जैसे भरोसेमंद बल्लेबाज शामिल हैं। हरभजन का मानना है कि इतने विकल्प होने के कारण रिकेल्टन और डी कॉक को एक साथ खिलाना मुश्किल हो सकता है।
स्पिन डिपार्टमेंट पर भी दी राय
पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर ने मुंबई इंडियंस के स्पिन आक्रमण को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि टीम को फ्रंटलाइन स्पिनर के रूप में अल्लाह गजनफर और मिचेल सैंटनर के बीच चयन करना पड़ सकता है। हरभजन के अनुसार गजनफर के पास कई तरह की विविधताएं हैं, जिससे वह ज्यादा मैच खेल सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह खिलाड़ी अभी ज्यादा टीमों के खिलाफ नहीं खेला है, इसलिए बल्लेबाजों के लिए उसे पढ़ना आसान नहीं होगा और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत हो सकती है। हालांकि, सैंटनर को भी कुछ खास परिस्थितियों में मौका मिल सकता है। हरभजन का मानना है कि चेन्नई जैसे स्पिन फ्रेंडली विकेट पर सैंटनर को टीम में शामिल किया जा सकता है, जबकि गजनफर लगभग हर तरह की पिच पर खेलते नजर आ सकते हैं।
यह भी पढ़ें
IPL 2026 के लिए सभी 10 टीमों के कप्तानों के नाम आए सामने, RR ने इस खिलाड़ी को सौंपी कमान
न्यूजीलैंड की कप्तान ने वर्ल्ड रिकॉर्ड को किया ध्वस्त, लगातार तीसरी फिफ्टी लगाते रचा इतिहास