भारत और श्रीलंका की महिला टीम के बीच में खेली गई 5 मैचों की टी20 सीरीज को टीम इंडिया ने आखिरी मुकाबले को भी 15 रनों से अपने नाम करने के साथ क्लीन स्वीप करने में कामयाबी हासिल की। तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में खेले गए आखिरी टी20 मुकाबले में टीम इंडिया के बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जिसमें कप्तान हरमनप्रीत कौर ने बल्ले से अहम भूमिका निभाई थी। वहीं इस मैच में जीत के बाद हरमनप्रीत कौर ने प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जब जीता तो उसी के साथ उन्होंने टीम इंडिया की पूर्व कप्तान मिताली राज की एक खास मामले में बराबरी भी कर ली।
हरमनप्रीत कौर इस मामले में संयुक्त रूप से बनी खिलाड़ी
भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर जिनका बल्ले से श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले 4 मुकाबलों में वैसा प्रदर्शन देखने को नहीं मिला था, जिसकी उनसे उम्मीद की जाती है, उन्होंने आखिरी मैच में इसकी कमी भी दूर कर दी। टीम इंडिया इस मैच में एक समय 77 के स्कोर पर 5 विकेट गंवा चुकी थी, जहां से हरमनप्रीत कौर ने एक छोर से पारी को संभालने के साथ तेजी के साथ रन बनाए, जिसके साथ ही उन्होंने 43 गेंदों में 68 रनों की शानदार पारी खेली, जिसके दम पर टीम इंडिया 20 ओवर्स में 7 विकेट के नुकसान पर 175 रनों के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। हरमनप्रीत कौर को उनकी इस शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला, जिसके दम पर अब वह भारतीय महिला खिलाड़ी के रूप में टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा बार इस अवॉर्ड को जीतने के मामले में मिताली राज के बराबर पहुंच गई हैं। हरमनप्रीत कौर ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में 12वीं बार इस अवॉर्ड को अपने नाम किया है।
महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा बार प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाली भारतीय खिलाड़ी
- हरमनप्रीत कौर - 12 बार
- मिताली राज - 12 बार
- शैफाली वर्मा - 8 बार
- स्मृति मंधाना - 8 बार
टीम इंडिया ने तीसरी बार टी20 इंटरनेशनल में 5-0 से जीती सीरीज
श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज को 5-0 से जीतने के साथ भारतीय टीम ने तीसरी बार ये कारनामा किया है, जिसमें इससे पहले उन्होंने साल 2019 में वेस्टइंडीज और 2024 में बांग्लादेश महिला टीम के खिलाफ टीम इंडिया ने टी20 सीरीज को 5-0 से जीता था। वहीं श्रीलंका महिला टीम को पहली बार टी20 इंटरनेशनल में 5-0 से किसी सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है।
ये भी पढ़ें
दीप्ति शर्मा ने तोड़ा ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज का वर्ल्ड रिकॉर्ड, बन गई T20I की सबसे सफल गेंदबाज