1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कप्तान के निशाने पर होगा ये सुपरहिट रिकॉर्ड, अब तक सिर्फ 2 भारतीय ही कर पाए हैं ये करिश्मा

कप्तान के निशाने पर होगा ये सुपरहिट रिकॉर्ड, अब तक सिर्फ 2 भारतीय ही कर पाए हैं ये करिश्मा

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 22, 2025 10:42 am IST,  Updated : Jul 22, 2025 01:34 pm IST

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर इतिहास रचने की दहलीज पर खड़ी हैं। इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में 33 रन बनाते ही हरमनप्रीत इतिहास रच देंगी।

Harmanpreet Kaur- India TV Hindi
हरमनप्रीत कौर Image Source : GETTY

लॉर्ड्स में मिली हार के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम अब इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के निर्णायक मुकाबले के लिए तैयार है। तीसरा और आखिरी वनडे मैच 22 जुलाई को चेस्टर-ली-स्ट्रीट के रिवरग्राउंड स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां दोनों टीमें सीरीज जीतने के इरादे से उतरेंगी। भारत ने सीरीज की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी। पहले वनडे में टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी प्रदर्शन करते हुए चार विकेट से जीत दर्ज की। लेकिन 19 जुलाई को लंदन में खेले गए बारिश से प्रभावित दूसरे वनडे में टीम को हार का सामना करना पड़ा। अब जब सीरीज 1-1 की बराबरी पर है, तीसरे मैच से तय होगा कि ट्रॉफी किसके नाम होगी।

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर इस निर्णायक मुकाबले में व्यक्तिगत रूप से भी एक खास मुकाम हासिल करने के बेहद करीब हैं। हरमनप्रीत ने अब तक वनडे क्रिकेट में 3967 रन बनाए हैं और उन्हें 4000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 33 रनों की जरूरत है। अगर वह यह उपलब्धि हासिल करती हैं, तो वह भारत की सिर्फ तीसरी महिला खिलाड़ी बनेंगी, जिन्होंने वनडे में 4000 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। अब तक यह रिकॉर्ड सिर्फ मिताली राज और स्मृति मंधाना के नाम है।

वनडे क्रिकेट में 4000+ रन बनाने वाली भारतीय महिला क्रिकेटर

  • मिताली राज - 7805
  • स्मृति मंधाना - 4543
  • हरमनप्रीत कौर - 3967

हरमनप्रीत का अब तक का वनडे करियर

हरमनप्रीत ने अपने वनडे करियर में अब तक 148 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 37.07 की औसत और 75.20 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। उनके नाम 6 शतक और 19 अर्धशतक दर्ज हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि हरमनप्रीत इस साल ही 150 वनडे मैच खेलने वाली भारत की चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हो जाएंगी, क्योंकि दो महीने बाद होने वाले वर्ल्ड कप में वह टीम की अगुवाई करती नजर आएंगी।

निर्णायक मैच में सबकी निगाहें कप्तान पर

22 जुलाई को होने वाला तीसरा वनडे भारत और इंग्लैंड दोनों के लिए बेहद अहम है। जहां एक ओर टीम इंडिया सीरीज जीतकर आत्मविश्वास के साथ वर्ल्ड कप की अपनी तैयारी मजबूत करना चाहेगी, वहीं हरमनप्रीत कौर के पास बड़ा मुकाम हासिल करने का मौका होगा। इससे पहले टीम इंडिया ने T20I सीरीज जीतकर इतिहास रचा था। अगर भारतीय टीम लगातार दूसरी सीरीज इंग्लैंड की धरती पर जीतने में कामयाब हो जाती है, तो सोने पे सुहागा होगा। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल