Hasan Ali injured: बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में उस समय मैदान पर सन्नाटा छा गया, जब पाकिस्तान के अनुभवी तेज गेंदबाज हसन अली एक हादसे का शिकार हो गए। सिलहट टेस्ट के दौरान कैच पकड़ने की कोशिश में हसन अली बुरी तरह गिर पड़े और उनके सिर में जोरदार चोट लग गई। हालत ऐसी हो गई कि उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कैच लेने के दौरान हुआ हादसा
यह घटना सिलहट में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन आठवें ओवर में देखने को मिली। हसन अली ओवर की पांचवीं गेंद फेंक रहे थे, जिस परतंजीद हसन तमीम के बल्ले का बाहरी किनारा लगा और गेंद हवा में चली गई। हसन अली ने अपने फॉलो-थ्रू में कैच पकड़ने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण वह सीधे पिच पर गिर पड़े। गिरते समय उनका सिर जोर से जमीन से टकराया। हसन कुछ सेकेंड तक मैदान पर बिल्कुल स्थिर पड़े रहे, जिससे खिलाड़ियों और फैंस की चिंता बढ़ गई। इसके बाद वह अपने सिर को पकड़ते हुए नजर आए और तुरंत मेडिकल टीम मैदान पर पहुंची।
हसन अली को लगी चोट
पाकिस्तानी तेज गेंदबाज को चक्कर आने की शिकायत भी हुई। मेडिकल स्टाफ ने उन्हें सावधानीपूर्वक स्ट्रेचर पर लिटाया और आगे की जांच के लिए मैदान से बाहर ले जाया गया। कैमरों में पाकिस्तान टीम के कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल काफी चिंतित नजर आए। हसन अली के ओवर की बची हुई गेंदें बाद में सलमान अली आगा ने पूरी कीं। हसन अली काफी देर तक मैदान से बाहर रहे। हालांकि, 19वें ओवर में हसन एक बार फिर गेंदबाजी करते नजर आए, जिससे फैंस को राहत मिली।
पाकिस्तान ने चुनी गेंदबाजी
मैच की बात करें तो पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। सिलहट की पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार नजर आ रही थी और पाकिस्तान ने शानदार शुरुआत भी की। मोहम्मद अब्बास ने मैच की दूसरी ही गेंद पर महमूदुल हसन जॉय को आउट कर पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद तंजीद हसन तमीम और पूर्व कप्तान मोमिनुल हक ने तेजी से रन बनाकर दबाव कम करने की कोशिश की। हालांकि, अब्बास ने बाद में तंजीद हसन तमीम को 26 रन पर आउट कर पाकिस्तान को दूसरी सफलता दिलाई।
यह भी पढ़ें:
ऋषभ पंत का जीत के बाद हो गया बड़ा नुकसान, भारी मिस्टेक की मिली कड़ी सजा