1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. आयरलैंड के हेड कोच ने दिया इस्तीफा, भारत के खिलाफ ऐतिहासिक सीरीज जीत के बाद छोड़ा पद

आयरलैंड के हेड कोच ने दिया इस्तीफा, भारत के खिलाफ ऐतिहासिक सीरीज जीत के बाद छोड़ा पद

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jun 29, 2026 04:08 pm IST,  Updated : Jun 29, 2026 04:37 pm IST

आयरलैंड ने दो मैचों की टी20 सीरीज में टीम इंडिया का क्लीन स्वीप किया। इस सीरीज जीत के बाद आयरलैंड के हेड कोच हेनरिक मलान ने इस्तीफा दे दिया है।

Heinrich Malan- India TV Hindi
हेनरिक मलान (बाएं) Image Source : AFP

आयरलैंड क्रिकेट से जुड़ी एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अपनी टीम को भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में 2-0 से ऐतिहासिक जीत दिलाने के ठीक एक दिन बाद आयरलैंड के हेड कोच हेनरिक मलान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से अपना पद छोड़ दिया है। अब गैरी विल्सन को आयरलैंड का नया हेड कोच नियुक्त किया गया है। आपको बता दें कि आयरलैंड की टीम ने बेलफास्ट में खेले गए दो मैचों की सीरीज में टीम इंडिया को हराया है। यह इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के खिलाफ आयरलैंड की पहली सीरीज जीत है।

2022 में आयरलैंड की टीम के हेड कोच बने थे हेनरिक मलान

45 साल के हेनरिक मलान का कॉन्ट्रैक्ट साल 2027 की शुरुआत तक था। लेकिन उन्होंने समय से पहले ही पद छोड़ दिया है। क्रिकेट आयरलैंड द्वारा जारी बयान के अनुसार मलान का मानना है कि अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के क्वालिफिकेशन को ध्यान में रखते हुए, नए कोच के आने का यह बिल्कुल सही समय है। मलान को जनवरी 2022 में तीन साल के लिए नियुक्त किया गया था। इसके बाद 2024 में इसे आगे बढ़ाया गया था। 

मलान के कार्यकाल में आयरलैंड का प्रदर्शन रहा काफी अच्छा

हेनरिक मलान के कोच रहते हुए आयरलैंड की क्रिकेट टीम ने बहुत बड़ी सफलताएं हासिल कीं। उनके कार्यकाल में टीम का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। मलान के मार्गदर्शन में आयरलैंड ने लगातार तीन बार (2022, 2024 और 2026) टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी जगह पक्की की। इतना ही नहीं, टीम ने दुनिया की सबसे मजबूत टीमों को भी कड़ी टक्कर दी और उन्हें हराया। 2022 के टी-20 वर्ल्ड कप में आयरलैंड की क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम को हराया था।

अब अफगानिस्तान से सीरीज खेलेगी आयरलैंड की टीम

इसके अलावा उन्होंने पाकिस्तान, वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका जैसी बड़ी टीमों के खिलाफ भी मैच जीते। टेस्ट क्रिकेट में भी हेड कोच हेनरिक मलान का समय बहुत शानदार रहा, क्योंकि आयरलैंड ने अपने इतिहास की सभी तीनों टेस्ट जीत उनके कार्यकाल में हासिल की। इन जीतों में अबू धाबी में अफगानिस्तान को हराना और बेलफास्ट में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने घर पर पहली टेस्ट जीत दर्ज करना शामिल है। आयरलैंड की टीम अब अगस्त में अफगानिस्तान के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी।

यह भी पढ़ें

आयरलैंड से हार के बाद टीम इंडिया को आईसीसी रैंकिंग में भी नुकसान, अब टॉप की कुर्सी पर भी खतरा

T20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद हरमनप्रीत कौर की कप्तानी पर मंडराया संकट? कोच ने अपने बयान से कर दिया साफ

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल