1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इब्राहिम जादरान ने ODI में किया बड़ा कारनामा, जहीर अब्बास और पीटरसन जैसे दिग्गजों की बराबरी की

इब्राहिम जादरान ने ODI में किया बड़ा कारनामा, जहीर अब्बास और पीटरसन जैसे दिग्गजों की बराबरी की

 Written By: Vanson Soral
 Published : Aug 13, 2026 07:32 am IST,  Updated : Aug 13, 2026 07:32 am IST

अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान ने आयरलैंड के खिलाफ चौथे ODI में शानदार शतक जड़ते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की। जादरान ODI में 2000 रन पूरे करने वाले संयुक्त रूप से तीसरे सबसे तेज बल्लेबाज बन गए हैं।

Ibrahim Zadran- India TV Hindi
इब्राहिम जादरान Image Source : AP

अफगानिस्तान के युवा सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान ने आयरलैंड के खिलाफ बल्ले से ऐसा कमाल किया, जिसने उन्हें  क्रिकेट के इतिहास में खास मुकाम पर पहुंचा दिया। बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेले गए चौथे ODI में जादरान ने शानदार शतक जड़ते हुए न सिर्फ टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया, बल्कि 2000 ODI रन पूरे करने के मामले में पाकिस्तान के बाबर आजम जैसे दिग्गजों की बराबरी भी कर ली। जादरान ने 118 गेंदों पर 107 रन की पारी खेली। उनकी पारी में 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा। यह उनका ODI क्रिकेट में सातवां शतक है। इस सेंचुरी के साथ ही 24 साल के जादरान ने अपने 45वें ODI की 45वीं पारी में 2000 रन का आंकड़ा छू लिया।

इसके साथ ही वह ODI में सबसे तेज 2000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए। इस मामले में उनसे आगे सिर्फ भारत के शुभमन गिल और साउथ अफ्रीका के हाशिम अमला हैं। गिल ने महज 38 पारियों में 2000 रन पूरे किए थे, जबकि अमला ने 40 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। जादरान ने 45 पारियों में यह आंकड़ा छुआ और इस मामले में बाबर आजम, जहीर अब्बास, केविन पीटरसन और रासी वैन डर डुसेन की बराबरी की।

ODI क्रिकेट में सबसे तेज 2000 रन (पारी के हिसाब से)

  • शुभमन गिल (भारत) - 38 पारियां
  • हाशिम अमला (साउथ अफ्रीका) - 40 पारियां
  • जहीर अब्बास (पाकिस्तान) - 45 पारियां
  • केविन पीटरसन (इंग्लैंड) - 45 पारियां
  • बाबर आजम (पाकिस्तान) - 45 पारियां
  • रासी वैन डेर डुसेन (साउथ अफ्रीका) - 45 पारियां
  • इब्राहिम जादरान (अफगानिस्तान) - 45 पारियां

अफगानिस्तान ने खड़ा किया बड़ा स्कोर

इस मुकाबले में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 343 रन बनाए। टीम की इस बड़ी पारी की नींव सेदिकुल्लाह अटल और इब्राहिम जादरान ने रखी। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 231 रनों की जबरदस्त साझेदारी की। अटल ने महज 120 गेंदों पर 143 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 17 चौके और चार छक्के शामिल रहे। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

344 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की टीम 48 ओवर में 301 रन पर सिमट गई। एंड्रयू बालबर्नी ने 119 गेंदों पर 109 रन की जुझारू पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। कर्टिस कैंफर ने भी 46 गेंदों पर 84 रन बनाकर मुकाबले में रोमांच पैदा किया। अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह उमरजई ने चार विकेट लिए, जबकि राशिद खान ने तीन और उमरजई ने दो विकेट झटके। इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।

यह भी पढ़ें:

30 साल की उम्र में इंजरी से हारा शानदार ऑलराउंडर खिलाड़ी, रिटायरमेंट का कर दिया ऐलान

भारत बनाम श्रीलंका सीरीज के लिए स्क्वाड का ऐलान, इन प्लेयर्स को मिली टीम में एंट्री

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल