Deepti Sharma: ICC वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप का आगाज 12 जून से हो चुका है। इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया अपना पहला मैच 14 जून को पाकिस्तान से खेलेगी। इस मैच के लिए दोनों ही टीमें जमकर तैयारी कर रही हैं। इस मैच में टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के पास एक खास रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा। वह भारत-पाकिस्तान के बीच खेले T20I में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बना सकती हैं। ऐसा करने के लिए उन्हें सिर्फ दो विकेट की जरूरत है।
एकता बिष्ट और निदा डार को पीछे छोड़ सकती हैं दीप्ति शर्मा
भारत और पाकिस्तान टीम के बीच खेले गए वुमेंस टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड भारत की एकता बिष्ट और पाकिस्तान की निदा डार के नाम है। इन दोनों ही गेंदबाज ने अब तक 10-10 विकेट लिए हैं। वहीं दीप्ति शर्मा पाकिस्तान के खिलाफ अब तक 9 विकेट हासिल कर चुकी हैं। ऐसे में अगर वो रविवार को खेले जाने वाले मैच में 2 विकेट हासिल करती हैं तो वो दोनों देशों के बीच खेले गए T20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन जाएंगी। उनके अलावा पाकिस्तान की सना मीर भी 9 विकेट ले चुकी हैं। हालांकि वो अब क्रिकेट से संन्यास ले चुकी हैं।
वुमेंस T20I में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली भारतीय गेंदबाज
पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाजों की बात करें तो वहां एकता बिष्ट और दीप्ति शर्मा के बाद तीसरे नंबर पर प्रियंका रॉय का नाम है। वह इस टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में 8 विकेट हासिल करने में कामयाब रही थी। वहीं अनुजा पाटिल का नाम चौथे नंबर पर है, वह पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में 7 विकेट लेने में कामयाब रही हैं। पूनम ठाकुर, रेणुका सिंह और पूजा वस्त्राकर 5-5 विकेट के साथ पांचवें नंबर पर है।
जीत के साथ टीम इंडिया करना चाहेगी अभियान का आगाज
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान दोनों का ही यह पहला मैच है। दोनों टीमें इस टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार आमने-सामने होंगी, इसलिए भारतीय टीम इस मुकाबले को जीतकर शानदार शुरुआत करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। अब देखना होगा कि इस बड़े मैच में दोनों टीमों का खेल कैसा रहता है। इस मुकाबले में भारतीय खेमे से स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर पर सबसे ज्यादा नजरें टिकी होंगी।
यह भी पढ़ें:
IND vs PAK Head to Head: भारत के सामने कमजोर पाकिस्तान, हेड टू हेड रिकॉर्ड में जमीन-आसमान का अंतर